सरकार का काम सिर्फ सडक़-कानून बनाना नहीं, संस्कारों और परंपराओं को सहेजना भी है: सीएम डॉ. यादव

भोपाल। राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कृति, गौ-संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था संभालना या बुनियादी ढांचा खड़ा करना भर नहीं है, बल्कि समाज के संस्कारों, परंपराओं और त्योहारों को सहेजकर रखना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ मध्य प्रदेश सरकार सभी प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक पर्वों को शासकीय स्तर पर भव्य रूप से मना रही है।
समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश भर से आए उन्नत पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया।
गौ-संवर्धन और पशुपालकों के लिए सरकार के बड़े ऐलान
सीएम ने प्रदेश की 3000 से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में पल रहे लगभग 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक से सीधे खातों में अंतरित की। नगरीय निकायों और गौशालाओं को मिलने वाला प्रति गाय दैनिक अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 कर दिया गया है।
डेयरी खोलने पर 13.86 लाख की सब्सिडी
देशी नस्ल के गोपालन को बढ़ावा देने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू पशुओं की डेयरी स्थापित करने पर 30 प्रतिशत लगभग 13.86 लाख का सरकारी अनुदान देने का निर्णय लिया गया है।
भोपाल में 50 एकड़ का आईवीएफ प्रोजेक्ट
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भोपाल में 50 एकड़ का विशेष प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। यहां आईवीएफ और भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक के जरिए साहीवाल और गिर जैसी उन्नत नस्ल की बछॢडय़ों का उत्पादन बढ़ाया जाएगा।
उत्कृष्ट पशुपालकों का सम्मान
सबसे अधिक दूध उत्पादन करने वाली गाय के मालिक गौरव रघुवंशी 19.760 लीटर दूध, रतलाम के मुकेश परमार और उमरिया की संध्या पांडे सहित कई उत्कृष्ट पशुपालकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर देशी गोवंश पालकों को गोपाल कृष्ण पुरस्कार दिए जा रहे हैं।
श्वेत क्रांति 2.0 से दूध उत्पादन में नंबर-1 बनेगा मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में गौ माता इंसान को सीधे प्रकृति के मातृत्व भाव से जोड़ती है। रासायनिक खादों के नुकसान से बचने के लिए आज गौ-आधारित प्राकृतिक और जैविक खेती ही सबसे मजबूत विकल्प है। प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 का संकल्प दोहराते हुए डॉ. यादव ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है, जिसे सरकार जल्द ही नंबर.1 राज्य बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
धार्मिक पर्यटन से बदलती अर्थव्यवस्था
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े संदेशों को याद किया। उन्होंने कहा कि 5000 साल पहले श्री कृष्ण ने कालिया नाग का मर्दन कर यह संदेश दिया कि जल जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर किसी एक का एकाधिकार नहीं हो सकता। वहीं गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने सामूहिकता की ताकत दिखाई और मयूर पंख धारण कर गांव व पर्यावरण की संस्कृति को सम्मान दिया।
सीएम नेकहा कि उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद से एक वर्ष में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिला है। इसी तर्ज पर सरकार ओरछा में राजा राम सरकार धाम के लिए 400 करोड़ के विकास कार्य करा रही है। साथ ही चित्रकूट में कामतानाथ परिक्रमा पथ, शहरी क्षेत्रों में गीता भवन की स्थापना और भगवान राम व कृष्ण के लीला स्थलों को भव्य तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।



