बुजुर्ग महिला की हत्या के विरोध में परिजनों ने किया चक्काजाम, 45 मिनट तक थमा रहा ट्रैफिक

भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की बेरहमी से की गई हत्या के विरोध में शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली मुख्य सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। करीब 200 मीटर लंबे इस जाम के कारण 45 मिनट तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन खत्म किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

बता दें मृतका कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी.2 में अकेली रहती थीं। शुक्रवार सुबह उनकी हत्या की खबर सामने आई थी। परिजनों का कहना है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से बेहद क्रूर तरीके से वारदात को अंजाम दिया और महिला के मुंह से सोने के दांत तक उखाड़ ले गए। पुलिस को मिली शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सीनुमा किसी चीज से गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
इलाके के ही एक युवक पर हत्या का शक
परिजनों ने इलाके में ही रहने वाले एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है। वारदात के बाद से ही वह संदिग्ध युवक क्षेत्र से गायब है। परिजनों का यह भी आरोप है कि इलाके में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इससे पहले भी इसी तरह की दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल बाजपेई, कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर और शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान दो थानों के भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।



