सीहोर के पूर्व एसपी दीपक कुमार शुक्ला बने नर्मदापुरम के नए एसपी

सीहोर। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कसावट को तेज करते हुए बुधवार देर रात गृह विभाग ने बड़ा फेरबदल किया है। राज्य शासन ने आदेश जारी कर 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस तबादला सूची के तहत बैतूल, पन्ना, आलीराजपुर और हरदा समेत कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक पदस्थ किए गए हैं, जबकि कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और भोपाल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
दीपक कुमार शुक्ला संभालेंगे नर्मदापुरम की कमान
तबादला सूची के अनुसार पूर्व में सीहोर एसपी रहे और हाल ही में उज्जैन की 32वीं वाहिनी के कमांडेंट के रूप में सेवाएं दे रहे दीपक कुमार शुक्ला को अब नर्मदापुरम का नया एसपी बनाया गया है। वे नर्मदापुरम के वर्तमान एसपी साईकृष्ण एस. थोटा की जगह लेंगे। वहीं साईकृष्ण एस. थोटा को अब पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन जिलों के एसपी भी बदले गए
बैतूल: बैतूल के एसपी रहे वीरेंद्र जैन को तबादला कर भोपाल में नया पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक बनाया गया है।
पन्ना: इंदौर में साइबर एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे सब्यसाची सराफ को अब पन्ना का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
हरदा: हरदा के एसपी शशांक को भी भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में एआईजी के पद पर पदस्थ किया गया है।
पुलिस मुख्यालय और वाहिनियों में भी बदलाव
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत केवल जिलों के एसपी ही नहीं, बल्कि पुलिस मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ कई अन्य आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची के बाद पुलिस महकमे में अन्य जिलों में भी नए बदलावों की चर्चा तेज हो गई है।



