शिवराज ने सीहोर के अफसर पर गिराई गाज…

सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सख्त निर्देशों के बाद की गई है।
मामला मध्य प्रदेश के सीहोर जिले का है। कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग जिले में वेयरहाउस का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि पास करने और जारी करने के बदले में रिश्वत की मांग की।
लाखों रुपए की रिश्वत का आरोप
शिकायत के अनुसार विपणन अधिकारी अनुराग ने सब्सिडी का पैसा जारी करने के एवज में शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपए की मांग की थी। श्रीकृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपए की मांग की थी।
कृषि मंत्री का कड़ा रुख
पीडि़त वेयरहाउस संचालकों ने इस रिश्वतखोरी की सीधी शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कृषि मंत्री ने बिना किसी देरी के सख्त कदम उठाने के निर्देश जारी किए। मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत आरोपी अधिकारी अनुराग को तुरंत प्रभाव से पद से निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार निलंबन के बाद अब इस मामले में विभागीय जांच और आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।



