30 सितंबर तक भोपाल आ जाएगी सीएम की नई सवारी…

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक मिड-साइज जेट बोंबार्डियर चैलेंजर-3500 इसी महीने 30 सितंबर तक भोपाल के राजा भोज विमानतल पहुंच जाएगा। मुख्यमंत्री की नई सरकारी सवारी के रूप में शामिल होने जा रहा यह वीआईपी प्लेन अगले सप्ताह 26 या 27 सितंबर को कनाडा के टोरंटो शहर से भारत के लिए अपनी उड़ान भरेगा।
नागरिक उड्डयन विभाग के अनुसार प्लेन का निर्माण करने वाली कंपनी ने हैंडओवर और क्वालिटी वेरिफिकेशन के लिए 22 से 26 सितंबर का शेड्यूल तय किया है। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार के पायलट और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम कनाडा में विमान का बारीकी से परीक्षण करेगी और इसके ऑपरेशन व मेंटेनेंस की पूरी प्रक्रिया को समझेगी।
लंदन या फ्रैंकफर्ट में लेगा एक तकनीकी स्टॉप
कनाडा के टोरंटो से भोपाल तक की कुल दूरी करीब 11500 किलोमीटर हैए जबकि इस नए जेट की अधिकतम फ्लाइंग रेंज लगभग 6300 किलोमीटर है। इस वजह से टोरंटो से भारत आते समय इस जेट को रास्ते में कम से कम एक तकनीकी स्टॉप ईंधन भरने व जांच के लिए लेना होगा। यह स्टॉप लंदन या जर्मनी के फ्रैंकफॅर्ट शहर में होने की संभावना है।
भोपाल लैंड होते ही पूरी की जाएंगी ये प्रक्रियाएं
कस्टम्स क्लियरेंस: भारत के जिस भी एयरपोर्ट पर यह विमान पहली बार लैंड करेगा, वहां केंद्रीय सीमा शुल्क विभाग को आयात दस्तावेज, बिल ऑफ एंट्री और डीजीएफटी का इंपोर्ट लाइसेंस सौंपकर कस्टम्स क्लियरेंस हासिल किया जाएगा।
डीजीसीए से भारतीय रजिस्ट्रेशन: कनाडा से भारत आते समय यह प्लेन अस्थायी पर उड़ान भरेगा। भारत पहुंचते ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को सभी तकनीकी दस्तावेज सौंपे जाएंगे। इसके बाद विमान को भारतीय राष्ट्रीयता कोड का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा।
एयरवर्दीनेस निरीक्षण: भोपाल स्थित स्टेट हैंगर पहुंचने के बाद डीजीसीए के एयरवर्दीनेस अधिकारी विमान का भौतिक और तकनीकी निरीक्षण करेंगे। सभी सेफ्टी चेक, मेंटेनेंस शेड्यूल और एवियोनिक्स टेस्ट में पास होने के बाद ही इसे सर्टिफिकेट ऑफ एयरवर्दीनेस उड़ान प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
नियमित उड़ानों की अनुमति में लगेंगे दो सप्ताह
सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश सरकार का उड्डयन विभाग डीजीसीए के पास नॉन शेड्यूल फ्लाइट ऑपरेटर श्रेणी के तहत नियमित उड़ान की अनुमति के लिए आवेदन करेगा। इस पूरी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया को संपन्न होने में लगभग दो सप्ताह का समय लग सकता है, जिसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी आधिकारिक यात्राओं के लिए इस नए जेट का उपयोग कर सकेंगे।



