उठी इको फ्रेंडली बकरा कुर्बानी की मांग…

भोपाल। आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजधानी भोपाल में सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की ओर से अपीलों और बयानों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर एक नई मांग उठाई है। दोनों संगठनों ने मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों से आह्वान किया है कि वे इस बार प्रकृति की रक्षा के लिए इको फ्रेंडली तरीके से ईद मनाएं और बकरा कुर्बानी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
संस्कृति बचाओ मंच और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने इस संबंध में अपनी बात रखते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना किसी एक वर्ग या समाज की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की है कि जिस तरह अन्य समाज अपने त्योहारों को प्रकृति के अनुकूल इको फ्रेंडली बनाने के लिए लगातार नई और सकारात्मक पहल कर रहे हैं, ठीक वैसी ही शुरुआत इस त्योहार में भी की जानी चाहिए।
संगठन ने मुख्य रूप से उठाईं ये तीन मांगें
प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण: त्योहार के दौरान किए जाने वाले आयोजनों से पर्यावरण या प्रकृति को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे।
सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता: कुर्बानी के दौरान सडक़ों, चौराहों या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर गंदगी न फैलाई जाए। साफ सफाई का विशेष और कड़ा प्रबंध किया जाए।
इको फ्रेंडली पहल: पारंपरिक तरीकों में इस तरह के सकारात्मक बदलाव शामिल किए जाएं, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति एक अच्छा और बड़ा संदेश जाए।
अब प्रतिक्रियाओं पर टिकी नजरें
भोपाल में सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर हमेशा मुखर रहने वाले इन संगठनों का मानना है कि इस तरह की पहल से न केवल शहर की स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी का एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा।



