पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

धार के ऐतिहासिक देवी सागर तालाब पहुंचे सीएम डॉ. यादव, विधि-विधान से पूजन कर स्वयं किया श्रमदान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर धार जिले के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के देवी सागर तालाब के गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने तालाब पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं फावड़ा थामकर श्रमदान किया और जल बचाने में जन-सहभागिता का एक बड़ा संदेश दिया।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी आने वाली पीढिय़ों के भविष्य के लिए पानी बचाने और अपने आसपास के पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कुशल इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण हैं धार के साढ़े बारह तालाब
बता दें कि देवी सागर तालाब धार के ऐतिहासिक साढ़े बारह तालाबों में से एक प्रमुख जल संरचना है। धार के परमार राजाओं और बाद में पवार शासकों द्वारा विकसित की गई यह अद्भुत जल प्रबंधन तकनीक कुशल इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस तालाब की बनावट ऐसी है कि ऊपरी तालाबों का अतिरिक्त पानी बहकर स्वत: इसमें आ जाता हैए जिससे धार नगर की जलापूर्ति बरसों से सुचारू रूप से चलती आ रही है। इस तालाब के किनारे ऊंची पहाड़ी पर स्थित प्राचीन गढ़ कालिका माता मंदिर भी देश भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है।
गंगा दशहरा पर पूरे प्रदेश में गूंजा जल संरक्षण का संदेश
उल्लेखनीय है कि गंगा दशहरा उत्सव पूरे मध्य प्रदेश में एक साथ गरिमामय ढंग से मनाया गया। इसके तहत सभी जिलों में स्थानीय जल स्रोतों का पूजन किया गया और भव्य गंगा कलश यात्राएं निकाली गईं। धार में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, विधायिका नीना विक्रम वर्मा और विधायक कालू सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!