रिटायर्ड जज सास को हाईकोर्ट का नोटिस, अब दिल्ली की सीबीआई टीम करेगी मामले की जांच

भोपाल। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में कानूनी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा की आरोपी सास और रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब तलब किया है। यह नोटिस राज्य सरकार और मृतका के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर जारी हुआ है, जिसमें ट्रायल कोर्ट से गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत का विरोध किया गया है। मामले की अगली सुनवाई 27 मई को होगी। इस बीच भोपाल जिला कोर्ट ने पुलिस प्रतिवेदन न मिलने के कारण इस मामले की सुनवाई मंगलवार तक के लिए टाल दी है।
हाईकोर्ट के नोटिस के बीच इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच अब सीबीआई के हाथों में सौंप दी गई है। जांच एजेंसी की एक विशेष टीम सोमवार को दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो गई है। सीबीआई की टीम भोपाल पहुंचकर स्थानीय पुलिस से केस डायरी और जांच से जुड़े सभी दस्तावेज अपने हैंडओवर में लेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता
इधर मीडिया रिपोट्र्स के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान मीडिया में न्यायपालिका की निष्पक्षता पर उठाए गए सवालों पर गहरा दुख जताया। दरअसल चर्चा थी कि मृतका का पति वकील और सास पूर्व जिला जज हैं, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने साफ कहा हमें अपनी राज्य एजेंसियों या जांच टीम पर कोई शक नहीं है। जो भी जांच करेगा, वह सच सामने लाएगा। कोर्ट ने मीडिया से अपील की कि वे दोनों परिवारों के बयानों के पीछे न भागें और चीजों को कानून के मुताबिक आगे बढऩे दें।
सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप
कोर्ट रूम लाइव के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह और सुप्रीम कोर्ट में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोप लगाया कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं और बाधा डाल रही हैं। एसजी मेहता ने कहा कि आरोपी टीवी चैनलों पर जाकर मृतका की बदनामी कर रही हैं। वहीं ट्विशा के पिता के वकील सिद्धार्थ लूथरा ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज करने में तीन दिन की देरी की गई और सबूतों को सुरक्षित रखने में लापरवाही बरती गई। दूसरी तरफ गिरिबाला सिंह के वकीलों ने जांच में सहयोग न करने के आरोपों को गलत बताया है।
गौरतलब है कि गत 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव फंदे से लटका मिला था। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।



