पॉलिटिकल तड़का

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ को देशवासियों के दिल में बिठाया: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ सुना। भोपाल के वीआईपी रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के संवाद की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने समाज में सकारात्मक सोच और नवाचार की नई दृष्टि विकसित की है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी डिजिटल जनगणना 2027 पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इसे दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इस बार नागरिक मोबाइल ऐप के जरिए खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और डेटा पूरी तरह सुरक्षित व गोपनीय रहेगा। अब तक देश में लगभग 1.20 करोड़ परिवारों के मकानों के सूचीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।
सीएम का युवाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के बाद वहां मौजूद युवाओं और महिलाओं से नारी शक्ति वंदन जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों को साझा किया। इस दौरान सीएम का एक बेहद सहज रूप भी देखने को मिला, जब उन्होंने वहां मौजूद चार छोटे बच्चों को अपने हाथों से नाश्ता कराया। उन्होंने बच्चों को बड़ों का सम्मान करने और संस्कारों की सीख दी।
जल संरक्षण में मध्यप्रदेश अव्वल
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत कुओं, बावडिय़ों और तालाबों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, राहुल कोठारी और रविंद्र यति सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!