दिल्ली दौरे पर सीएम डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात…

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं। मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा की, वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और नई शिक्षा नीति पर विस्तार से बात की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नए नेता के रूप में चयनित सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सुशासन और जनकल्याण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और वहां विकास का नया सूर्य उदित होगा।
मध्य प्रदेश की शिक्षा प्रणाली देखेंगे धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें मध्य प्रदेश में नई शिक्षा नीति.2020 के सफल क्रियान्वयन की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में भारतीय ज्ञान परंपरा और कौशल विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
सांदीपनि विद्यालय: डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आगामी माह में दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आएंगे। इस दौरान वे सांदीपनि विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोडऩे के रोडमैप पर चर्चा करेंगे।
संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष नतिन नबीन से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय और संगठनात्मक विषयों सहित मध्य प्रदेश के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने श्री नबीन को मध्य प्रदेश आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया और बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के बेहतर तालमेल से प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं।



