एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं…दोस्ती और दुश्मनी

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। टिकट वितरण के बाद उपजे आक्रोश और आंसुओं के सैलाब के बीच अब इस रण में मां पीतांबरा माई की भी एंट्री हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर और सीनियर लीडर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को दतिया बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक बेहद भावुक और आक्रामक बैठक ली। इस बैठक में नरोत्तम मिश्रा ने न सिर्फ अपने समर्थकों को मां पीतांबरा माई की कसम खिलाकर बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने का संकल्प दिलायाए बल्कि दतिया पुलिस-प्रशासन को भी तीखे लहजे में खुली चेतावनी दे डाली।
एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं
हाल ही में हुए घटनाक्रम और चक्काजाम के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर पूर्व गृहमंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। उन्होंने सीधे दतिया एसपी को निशाने पर लेते हुए कहा, पुलिस वाले ध्यान से सुन लें, आपने गाडिय़ां तोड़ी हैं और हमारे पास इसके पुख्ता फुटेज हैं। आपको चक्काजाम खुलवाना था तो सडक़ पर खुलवाते, लेकिन पुलिस ने गैस के गोले बीजेपी कार्यालय पर क्यों दागे, क्या बीजेपी की बिल्डिंग सडक़ पर खड़ी थी, एसपी साहब, मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, याद रखता हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं।
नरोत्तम मिश्रा ने साफ कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगाना और उन्हें पीटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर नौबत आई तो वे अपने कार्यकर्ताओं के लिए जेल जाने को भी तैयार हैं।
आशुतोष की क्षमता नहीं टिकट काटने की
कार्यकर्ताओं के बीच टिकट कटने को लेकर फैले भ्रम को दूर करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि आशुतोष तिवारी ने टिकट काट दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा आशुतोष की इतनी क्षमता है क्या? टिकट काटने वाले कोई और हैं। वहां तक तुम्हारी पहुंच नहीं है, वहां हमें बात करनी है और हम करेंगे।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि तीन दिन तक दतिया के जिन दुकानदार भाइयों ने बाजार बंद रखा, वे उनके आभारी हैं। कार्यकर्ताओं के सिर पर आंसू गैस के गोले फटे हैं्र जिसे देखकर उनका दिल रोया है। लेकिन, गुस्सा गलत जगह नहीं निकालना है। बदला बीजेपी या आशुतोष से नहीं, बल्कि कांग्रेस और ज्यादती करने वाले पुलिस-प्रशासन से लेना है।
खो देने का खेल है राजनीति, पार्टी हमारी मां है
कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का मंत्र देते हुए पूर्व गृहमंत्री ने कहा राजनीति खो देने का खेल है। अगर आप किसी को स्पेस जगह दोगे तो कोई और आकर बैठ जाएगा। यह ध्यान रखो कि पार्टी हमारी मां है और हमें हर हाल में आशुतोष तिवारी को भारी मतों से चुनाव जिताना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को हाथ आगे बढ़वाकर मां पीतांबरा माई की सौगंध खिलाई और चुनाव में जुटने का आह्वान किया।
अभिभावक की तरह खड़े हैं दादा
इस मौके पर मंच पर मौजूद बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा दादा उनके साथ एक अभिभावक की तरह खड़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा मैं माई को साक्षी मानकर आपको वचन देता हूं कि जब तक मेरे तन में प्राण हैं, आपके सम्मान पर कभी आंच नहीं आने दूंगा। प्रशासन की किसी भी कार्रवाई के खिलाफ मैं हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा रहूंगा।



