राजवीर ने रोशन किया इछावर का नाम, वल्र्ड कप वुडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

सीहोर। इछावर तहसील के एक छोटे से गांव झालकी के लाल ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और जिले का मान बढ़ाया है। ग्राम झालकी निवासी कुंवर राजवीर सिंह दरबार पिता चंद्रपाल सिंह दरबार का चयन 10वीं वल्र्ड कप वुडबॉल चैंपियनशिप और मलेशिया ओपन इंटरनेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में हुआ है। राजवीर ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर न केवल अपना सपना पूरा किया, बल्कि राजवीर ने रोशन किया इछावर का नाम और सीहोर जिले के पहले खिलाड़ी बने जो इस खेल में भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करने जा रहे हैं।
भारत सरकार के खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में वुुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा देशभर से खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 16 खिलाडिय़ों का चयन भारतीय टीम में किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय वल्र्ड कप प्रतियोगिता 24 जुलाई से 30 जुलाई तक पेरलीस मलेशिया में आयोजित की जा रही है। भारतीय टीम अपने मुख्य कोच प्रवीण माडवकर के नेतृत्व में मलेशिया के लिए रवाना हो चुकी है।
नेशनल गेम्स में लहरा चुके हैं परचम
राजवीर सिंह दरबार इससे पहले मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए खेलो इंडिया नेशनल गेम्स गोवा, जम्मू कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट खेल शैली से पदक और तारीफें बटोर चुके हैं। उनके इसी निरंतर और प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।
गुरुओं का रहा विशेष योगदान
राजवीर को इस मुकाम तक पहुंचाने में मध्य प्रदेश के प्रमुख वुडबॉल कोच राजेंद्र पाल और शारदा विहार स्कूल भोपाल की खेल शिक्षिका पूनम रावत की अहम भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन में ही राजवीर ने वुडबॉल की बारीकियों को सीखा और यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
इछावर में खुशी की लहर
इछावर अंचल के युवा की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने जा रहे राजवीर दरबार को परिवारजनों, गुरुजनों और मित्रों ने तिलक लगाकर व जीत की शुभकामनाओं के साथ मलेशिया के लिए विदा किया। इस अवसर पर एक्सीलेंस कॉलेज के डायरेक्टर, प्राध्यापकों, शारदा विहार भोपाल के आचार्यों व प्रबंधकों तथा इछावर वासियों ने राजवीर को बधाई दी और भारतीय टीम के स्वर्णिम प्रदर्शन की कामना की।



