इन जिलों में शराब माफियाओं पर पुलिस का जबरदस्त अटैक…

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान छेड़ रखा है। जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए पुलिस ने अप्रैल माह में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी और चेकिंग के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी वाहन और अन्य संपत्तियां जब्त की हैं।
उज्जैन: लग्जरी कारों से तस्करी का पर्दाफाश
उज्जैन की नानाखेड़ा पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 44 पेटी शराब और फर्जी नंबर प्लेट लगी दो लग्जरी कारें जब्त की हैं। यहां कुल 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर 4 आरोपियों को सलाखें के पीछे भेजा गया।
शिवपुरी: ताबड़तोड़ छापेमारी, 32 लाख का माल जब्त
शिवपुरी पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों करैरा, नरवर, कोलारस, मायापुर में दबिश देकर करीब 32.26 लाख रुपये की शराब और वाहन जब्त किए। यहां स्कॉर्पियो, बोलेरो और बलेनो जैसी कारों का उपयोग तस्करी के लिए किया जा रहा था।
छतरपुर और रतलाम: सडक़ों पर घेराबंदी
छतरपुर पुलिस ने दमोह रोड पर घेराबंदी कर 12 लाख से अधिक की शराब पकड़ी। वहीं रतलाम पुलिस ने कालूखेड़ा और सैलाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए क्रेटा और स्विफ्ट जैसी कारों के साथ 10 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति बरामद की।
खरगोन और नर्मदापुरम: पानी की टंकियों में छिपा रखी थी शराब
खरगोन में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया, जहां आरोपी ने घर के पीछे पानी की टंकी में शराब छिपाकर रखी थी। नर्मदापुरम और इटारसी पुलिस ने भी संयुक्त रूप से 9 लाख से अधिक की शराब और कारें जब्त कीं।
इन जिलों में भी दिखा पुलिस का एक्शन
डिण्डौरी: 12 लाख रुपये की शराब और बलेनो कार जब्त।
मंदसौर: 7.23 लाख की संपत्ति के साथ डिजायर कार पकड़ी गई।
बालाघाट: लांजी पुलिस ने पिकअप वाहन और 81 लीटर शराब जब्त की।
मुरैना: पोरसा पुलिस ने लोडिंग वाहन के साथ 19 पेटी विदेशी शराब पकड़ी।
सिवनी: 121 पेटी बीयर और भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त।
भोपाल: क्राइम ब्रांच ने चार पहिया वाहन और 10 पेटी शराब के साथ तस्करों को दबोचा।
कटनी: ऑपरेशन शिकंजा के तहत अवैध शराब पर प्रहार किया गया।
पुलिस की जनता से अपील
मध्य प्रदेश पुलिस के महानिदेशक कार्यालय के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



