प्रशासनमध्यप्रदेश

एक्शन मोड में ‘मोहन’, अब नायक फिल्म के अनिल कपूर की तरह औचक निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री

भोपाल। मध्य प्रदेश की कमान संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार अपने कड़े फैसलों और सक्रियता के लिए चर्चा में हैं। अब प्रदेश में मुख्यमंत्री का एक नया और बेहद आक्रामक अंदाज देखने को मिलने वाला है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री डॉ. यादव अब मशहूर फिल्म नायक के पात्र अनिल कपूर की तर्ज पर प्रदेश के विभिन्न जिलों का औचक निरीक्षण (सरप्राइज विजिट) करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस नए प्लान के तहत किसी भी जिले के प्रशासन को उनके आने की पूर्व सूचना नहीं दी जाएगी। डॉ. यादव का हेलिकॉप्टर अचानक किसी भी जिले की तहसील, अस्पताल, थाना या सरकारी दफ्तर के पास उतर सकता है। इस नायक स्टाइल एंट्री का मकसद सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और आम जनता को मिल रही सुविधाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना है। जैसे ही आसमान में सीएम का हेलिकॉप्टर दिखाई देगा, स्थानीय प्रशासन को अलर्ट होना पड़ेगा, क्योंकि साहब सीधे काम का हिसाब मांगेंगे।
अलर्ट पर अमला
मुख्यमंत्री के इस संभावित एक्शन प्लान की खबर लगते ही मंत्रालय से लेकर जिलों में हलचल तेज हो गई है। खास तौर पर उन विभागों में बेचैनी बढ़ गई है जहां जनसुनवाई और शिकायतों का अंबार लगा रहता है। डॉ. यादव का रुख साफ है अगर मौके पर लापरवाही मिली, फाइलें अधूरी पाई गईं या जनता परेशान दिखी तो कार्रवाई के लिए कैबिनेट मीटिंग का इंतजार नहीं होगा, बल्कि ऑन द स्पॉट फैसला लिया जाएगा।
क्यों पड़ी इस अंदाज की जरूरत
अक्सर देखा जाता है कि मुख्यमंत्री के पूर्व निर्धारित दौरों के समय जिला प्रशासन रातों-रात सडक़ों की मरम्मत करवा देता है और दफ्तरों में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी जाती हैं। लेकिन सीएम चाहते हैं कि वे व्यवस्था वैसी ही देखें जैसी आम आदमी रोज झेलता है। चाहे वह धान खरीदी केंद्र हो, अस्पताल का वार्ड हो या फिर पुलिस थाना, मुख्यमंत्री अब खुद मोर्चा संभालकर यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन की मंशा के अनुरूप काम हो रहा है या नहीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!