मामा कोचिंग का शुभारंभ, जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगा नि:शुल्क मार्गदर्शन

सीहोर। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों के प्रतियोगी परीक्षाओं के सपनों को पंख देने के लिए रविवार को भैरुंदा में एक सराहनीय पहल की शुरुआत हुई। प्रेम सुंदर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मामा कोचिंग नि:शुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य रूप से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र व युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और क्षेत्र के वरिष्ठ जन मौजूद रहे।
आर्थिक अभाव अब सपनों में नहीं बनेगा बाधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा किए अब आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की सफलता और सपनों के आड़े नहीं आएगी। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने एक प्रेरक संदेश दिया हम अवसर देंगे, आप अफसर बनेंगे। कार्तिकेय चौहान ने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं से इस नि:शुल्क कोचिंग व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पूरी लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है सफलता
कार्तिकेय चौहान की धर्मपत्नी अमानत चौहान ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा को मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पढ़ाई ही व्यक्ति को आगे ले जाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आग्रह किया। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर ने कहा कि जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए सबसे पहले एक स्पष्ट लक्ष्य तय करना और फिर बिना रुके निरंतर प्रयास करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय तथा नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र पटेल मौजूद रहे।



