पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

ओरछा में जमेगा एमपी भाजपा का महामंथन, 400 कमरे बुक

भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक इस बार धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित होने जा रही है। दो दिवसीय यह बैठक आगामी 30 और 31 अगस्त को ओरछा के प्रतिष्ठित राजमहल पैलेस और राजविलास होटल में आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी रणनीतियों पर चर्चा के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी नेताओं का 29 अगस्त से ही ओरछा पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मुख्य बैठक से पहले 25 अगस्त को एक बेहद अहम टोली बैठक भी बुलाई गई है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ओरछा में एक विशेष बैठक संपन्न हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम और व्यवस्थाओं की मुख्य कमान गौरव रणदिवे और शैलेन्द्र बरुआ को सौंपी गई है, जो सभी इंतजामों की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी की पूरी जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता लोकेंद्र पाराशर को सौंपी गई है। इसके अलावा बैठक में हिस्सा लेने वाले अतिथियों के लिए शाम को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
400 कमरों की बुकिंग
बैठक में शामिल होने आ रहे नेताओं के लिए ओरछा के विभिन्न होटलों जैसे ओरछा क्लब एंड रिसॉर्ट और ओरछा पैलेस में लगभग 400 कमरे बुक कराए गए हैं। ओरछा रेलवे स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक अतिथियों को लाने-ले जाने के लिए विशेष परिवहन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ होगी, जिसके बाद नेता प्रदर्शनी का अवलोकन और रजिस्ट्रेशन कराकर मुख्य सभागार में प्रवेश करेंगे।
मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और 400 वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
इस बार प्रदेश कार्यसमिति में 106 नियमित और 41 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। पदेन सदस्य सांसद, विधायक व अन्य को मिलाकर बैठक में लगभग 350 से 400 नेता शिरकत करेंगे। मुख्य मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल के कद्दावर मंत्री जिनमें विश्वास सारंग, तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, कृष्णा गौर प्रमुख मौजूद रहेंगे। इनके अलावा मध्य प्रदेश से आने वाले सभी केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी और भाजपा के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद भी इस महामंथन का हिस्सा बनेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!