पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

मां करोली वाली के आशीर्वाद से बने नगर के ‘प्रथम नागरिक’, अब चुनरी यात्रा की तैयारियों में जुटे प्रिंस

सीहोर। आस्था, समर्पण और जनसेवा की एक अद्भुत मिसाल सीहोर शहर में देखने को मिल रही है। नगर के प्रथम नागरिक यानी नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर पर मां करोली वाली का असीम आशीर्वाद सदा से रहा है। वे बीते कई वर्षों से मां के प्रति अपनी कृतज्ञता और जन-आस्था को समर्पित करते हुए भव्य चुनरी यात्रा निकालते आ रहे हैं। इसी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी 15 अक्टूबर को शहर में ऐतिहासिक चुनरी यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी भव्यता और स्वागत के लिए खुद प्रिंस राठौर पलक पावड़े बिछाए नजर आ रहे हैं।
बता दें प्रिंस विकास राठौर मां करोली वाली मंदिर के अनन्य और नित्य श्रद्धालु हैं। वे वर्षों से रोजाना माता रानी के दरबार में अपनी अर्जी लगाने और दर्शन करने जाते रहे हैं। मां करोली वाली की कृपा का ही परिणाम रहा कि प्रिंस राठौर का राजनीतिक सफर लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छूता गया।
भारतीय जनता पार्टी के दो बार सफल मंडल अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वे नगर पालिका चुनाव में निर्विरोध पार्षद चुने गए। इसके बाद मां करोली वाली के आशीर्वाद से वे सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष (नगर के प्रथम नागरिक) चुने गए। उनके इस सफल और समर्पित कार्यकाल के 4 साल पूरे हो चुके हैं।
121 मीटर लंबी चुनरी होगी अर्पित, तैयारियां जोरों पर
15 अक्टूबर को निकलने वाली इस विशाल चुनरी यात्रा की कमान स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने संभाल रखी है। यात्रा को सुचारू और भव्य बनाने के लिए वे प्रतिदिन शहर में बैठकें ले रहे हैं और धर्मप्रेमी जनता से संवाद कर रहे हैं।
यह चुनरी यात्रा करौली वाली माता मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कस्बा स्थित इलाही माता मंदिर पहुंचेगी। वहां 121 मीटर लंबी चुनरी माता रानी के चरणों में अर्पित कर यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा में शामिल होने का आग्रह
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी सीहोर वासियों, माताओं-बहनों और युवा साथियों से अपील की है कि वे 15 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस 121 मीटर लंबी चुनरी यात्रा का हिस्सा बनें और मां करोली वाली का पुण्य आशीर्वाद प्राप्त करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!