पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

दिल्ली में राहुल गांधी पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में आज भोपाल में कांग्रेस का वोट बचाओ, देश बचाओ पैदल मार्च

भोपाल। दिल्ली में निर्वाचन आयोग का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कथित पुलिस लाठीचार्ज और दुव्र्यवहार के विरोध में राजधानी भोपाल में कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर द्वारा आज, 8 अक्टूबर को लोकतंत्र के काले दिवस के रूप में वोट बचाओ, देश बचाओ पैदल मार्च का आयोजन किया जा रहा है।
कांग्रेस द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह पैदल मार्च आज शाम 4.30 बजे राजधानी के व्यापम चौराहे से शुरू होगा और बोर्ड ऑफिस चौराहे पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में विपक्षी नेताओं पर हुई कार्रवाई और लोकतंत्र पर हो रहे कथित हमलों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
प्रदेश के शीर्ष नेता होंगे शामिल
भोपाल में आयोजित इस पैदल मार्च में मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेता शिरकत करेंगे। मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उपस्थित रहकर विरोध प्रदर्शन की कमान संभालेंगे।
दिल्ली की घटना से गरमाई राजनीति
गौरतलब है कि दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के उद्देश्य से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसद शांतिपूर्ण ढंग से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। आरोप है कि इस दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा सांसदों और शीर्ष नेताओं के साथ दुव्र्यवहार और लाठीचार्ज किया गया। इसी घटना के विरोध में अब मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस आक्रामक रुख अपना रही है।
सभी संगठनों और कार्यकर्ताओं को पहुंचने की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी ने इस पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व विधायकों/सांसदों, जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक, वार्ड व मंडलम अध्यक्षों तथा युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस जैसे मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह लड़ाई लोकतंत्र की रक्षा और नागरिकों के मताधिकार को बचाने की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!