शिवराज सिंह चौहान के घर गूंजी किलकारी, छोटे बेटे कुणाल के घर जन्मा बेटा, नाम रखा अहान

भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। उनके छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान और बहू रिद्धि जैन एक प्यारे से बेटे के माता-पिता बने हैं। दादा-दादी बने शिवराज सिंह चौहान और साधना सिंह ने अपने पोते का नाम अहान रखा है।
इस खुशखबरी को साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखा आज हमारे जीवन में फिर एक बार सौभाग्य का सूर्योदय हुआ है। बेटे के रूप में अहान हमारे घर अपार खुशियां लेकर आया है। कुणाल और रिद्धि माता-पिता बने हैं, मुझे और साधना को फिर से दादा.दादी बनने का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने आगे लिखा कि अहान की नन्ही-सी किलकारी ने पूरे परिवार को आनंद और प्रेम से भर दिया है। यह ईश्वर का एक अनमोल आशीर्वाद है। परिवार में इस नए सदस्य के आने से कार्तिकेय सिंह चौहान और अमानत बड़े पापा व बड़ी मम्मी बन गए हैं, जबकि उनकी पोती इला को छोटा भाई मिल गया है।
खुशी के इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने अपने समधी संदीप जैन और समधिन स्वाति जैन को भी नाना-नानी बनने पर बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि कुणाल सिंह चौहान और रिद्धि जैन का विवाह 14 फरवरी 2025 को संपन्न हुआ था।



