कैबिनेट मंत्री सारंग की राह पर चले नपाध्यक्ष प्रिंस, हर घर में बनाएंगे पैठ

सीहोर। भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का त्योहार रक्षाबंधन इस बार सीहोर नगर पालिका परिसर में एक नए और भव्य अंदाज में मनाया जाएगा। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग की तर्ज पर अब नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने भी अपने शहर की बहनों से सीधे जुडऩे के लिए सामूहिक रक्षाबंधन उत्सव का ऐलान किया है। आगामी 31 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे से पुरानी जेल मैदान में यह आयोजन किया जाएगा, जहां पूरा शहर एक परिवार के रंग में रंगा नजर आएगा।
बता दें भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग अपने विधानसभा क्षेत्र में हर साल बेहद भव्य स्तर पर रक्षाबंधन का आयोजन करते हैं और विधानसभा क्षेत्र की सभी महिलाएं (बहनों) से राखी बंधवाते हैं। इसी तर्ज पर अब सीहोर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी शहर की बहनों से सामूहिक रक्षाबंधन का संकल्प लिया है। इस पहल को उनकी शहर के हर घर और जन-जन तक सीधी पैठ बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
हजारों बहनें बांधेंगी रक्षासूत्र, नपाध्यक्ष देंगे विशेष उपहार
नगर पालिका परिसर के पास आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के सभी वार्डों से हजारों महिलाओं और बहनों के जुटने की संभावना है। आयोजन में शामिल होने वाली बहनों का स्वागत भव्य तरीके से किया जाएगा। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर परंपरा को निभाते हुए बहनों से रक्षासूत्र बंधवाकर उनका आशीर्वाद लेंगे और स्नेह स्वरूप सभी को विशेष उपहार भेंट करेंगे।
आयोजन का न्योता देते हुए नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों, सम्मान और अटूट भरोसे की डोर है। शहर की हर बहन का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। आयोजन को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं शहर की महिलाओं में भी इस खास दिन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।



