विधायक राय के कार्यक्रम से बिजली-सडक़ विभाग के अफसरों ने बनाई दूरी

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र की सेमरा दांगी ग्राम पंचायत में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में अनुपस्थित अधिकारियों पर विधायक सुदेश राय का गुस्सा फूट पड़ा। विद्युत मंडल और प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यक्रम से नदारद रहने पर विधायक ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने मंच से ही मौके पर मौजूद एसडीएम तन्मय वर्मा को अनुपस्थित अफसरों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बता दें यह पहले से तय था कि आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय शामिल होंगे, बावजूद अफसर हल्के में ले बैठे।
लापरवाह अफसरों को खुली चेतावनी देते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा यह भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और मजदूरों की सरकार है, जहां जनता के काम सर्वोपरि हैं। यदि अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को सुलझाने में लापरवाही बरती तो एक चि_ी में मुख्यमंत्री को लिखूंगा और दूसरी बर्खास्तगी की चि_ी मुख्यमंत्री खुद लिखकर आपको भेज देंगे।
मौके पर निपटाई गईं ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनसे गांव तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं बताने को कहा। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देकर स्थानीय समस्याओं का जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की आपसी सहमति से मौके पर ही निराकरण कराया।
साथ ही विधायक ने केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादवए सेमरा दांगी पंचायत के सरपंच-सचिव, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।



