सोनिया गांधी की जुबानी, ‘बिलॉन्गिंग’ में कैम्ब्रिज की प्रेम कहानी से लेकर 2004 के राजनीतिक फैसलों तक के दिलचस्प खुलासे

भोपाल। सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव बिना किसी भव्य लॉन्च इवेंट के सीधे पाठकों के बीच आ गई है। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित यह 527 पृष्ठों की किताब राजनीति से परे, उनके निजी जीवन, भावनाओं और पारिवारिक सफर का एक खुला दस्तावेज है।
24 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सोनिया ने पहले ही चेताया था कि मेरी किताब आने पर कुछ तमाशा जरूर होगा। दशकों से लोग मेरी कहानी बता रहे हैं, अब मेरी बारी है। आइए इस किताब के 7 अध्यायों में छिपे उन तमाम दिलचस्प और राजनीतिक रहस्यों पर विस्तार से नजर डालते हैं, जिन्होंने बाजार में आते ही हलचल मचा दी है।
कैम्ब्रिज की वह शाम, जब राजीव से पहली नजर में हुआ प्यार
किताब के पहले चैप्टर लव एंड कोर्टशिप में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पन्ने खोले हैं।
इटली से ब्रिटेन का सफर
19 साल की उम्र में सोनिया अंग्रेजी सीखने के लिए इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। वहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी, जो ट्रिनिटी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।
पहला वैलेंटाइन डे
जनवरी के एक दिन दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई। राजीव पहली बार सोनिया को वैलेंटाइन डे की एक पार्टी में ले जाने पहुंचे थे। सोनिया लिखती हैं कि उन्हें देखकर राजीव कुछ पल के लिए ठिठक गए थे और दोनों को अहसास हो गया था कि वे हमेशा साथ रहना चाहते हैं।
पिता के गुस्से का डर
सोनिया अपने सख्त स्वभाव वाले पिता स्टेफानो मैनो से बहुत डरती थीं। उन्हें डर था कि यदि राजीव के बारे में पता चला तो पिता उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे।
दिलचस्प नाम का राज
सोनिया के पिता द्वितीय विश्वयुद्ध में रूस के मोर्चे पर लड़े थे, जहां उन्होंने एक गरीब परिवार की मदद की थी। उस परिवार की बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। पिता ने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं पर रखे, हालांकि चर्च में उनका आधिकारिक नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज हुआ था।
नागरिकता छोड़ते वक्त कांप गए थे हाथ
किताब के शुरुआती पन्नों में अपनी पहचान से जुड़े एक बेहद भावुक पल का जिक्र है। सोनिया ने काफी समय तक अपना इतालवी पासपोर्ट संभाल कर रखा था क्योंकि वह उनकी पुरानी पहचान से जुड़ा था।
बढ़ गई थीं धडक़नें
जब इटली के राजदूत के आवास पर उन्होंने भारतीय नागरिकता 1983 लेने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की और दस्तावेज पढ़े तो उनकी धडक़नें तेज हो गईं और चेहरा गर्म हो गया। उन्हें लगा जैसे उनकी पहचान का एक अहम हिस्सा हमेशा के लिए छूट रहा हो।
2004 का महा-फैसला, प्रधानमंत्री न बनने के पीछे का डर
किताब का बड़ा राजनीतिक हिस्सा ट्रिंफ्स एंड डिफीट और लीडिंग द कांग्रेस पार्टी अध्यायों में है। सोनिया ने खुलासा किया कि उन्होंने 2004 में ही ठान लिया था कि वे प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या के जख्म हरे थे और बच्चों को डर था कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया की जान को भी खतरा बढ़ सकता है।
खिडक़ी के बाहर खड़ी थीं प्रियंका
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपना यह फैसला सार्वजनिक नहीं किया ताकि पार्टी में खींचतान न हो। चुनाव जीतने के बाद गठबंधन के नेता उन्हें मनाने पहुंचे, लेकिन सोनिया के इनकार के बाद भी नेताओं ने इसे उनकी मौन सहमति मान लिया। सोनिया लिखती हैं कि उस वक्त प्रियंका खिडक़ी के बाहर खड़े होकर यह सब तनावपूर्ण माहौल देख रही थीं।
बिल क्लिंटन की पुरानी आदतें
किताब में वैश्विक नेताओं से जुड़े कुछ चटपटे और मानवीय किस्से भी शामिल हैं। साल 2000 में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के भारत दौरे पर तत्कालीन पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने एक रिसेप्शन रखा था। सोनिया ने गौर किया कि क्लिंटन बार-बार वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे निहार रहे थे। मोनिका लेविंस्की विवाद भले ही थोड़ा ठंडा पड़ गया था, लेकिन सोनिया के मुताबिक पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं। क्लिंटन कश्मीर को दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में मानते थे।
निकोला सरकोजी का अंदाज
2008 में फ्रांस के राष्ट्रपति निकोला सरकोजी बिना अपनी पार्टनर कार्ला ब्रूनी के आए थे। डिनर के दौरान जब उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की पत्नी ने उनसे शादी के बारे में पूछा तो सरकोजी बिना झिझक अपनी लव लाइफ के किस्से सुनाने लगे और बीच-बीच में कार्ला को फोन पर मैसेज भी भेज रहे थे।
प्रिंसेस डायना की उदासी
1981 में राजीव-सोनिया की शादी में शामिल होने वाली डायना को याद करते हुए सोनिया ने लिखा कि 1992 में जब वे ताजमहल के सामने अकेली बैठी थीं, तब वे उनसे मिली थीं। डायना की खूबसूरती और आकर्षक मुस्कान के पीछे उनके चेहरे पर उनकी असफल शादी की गहरी परेशानी साफ झलक रही थी।
परिवार को समर्पित और ऋग्वेद का संदेश
सोनिया ने इस किताब को पूरी तरह अपने बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रैहान और मिराया को समर्पित किया है। किताब की शुरुआत में
ऋग्वेद की ऋचा उद्धृत की गई है, जिसका सार है…
साथ मिलकर चलो, साथ मिलकर बोलो और तुम्हारे विचार एक हों… ताकि तुम सब मिलकर एकता और पूर्णता के साथ जीवन बिताओ।
यह संस्मरण सिर्फ एक राजनीतिक हस्ती की कहानी नहीं है, बल्कि एक विदेशी बहू से लेकर भारतीय राजनीति के सबसे ताकतवर केंद्र तक की यात्रा के बीच के उन अनकहे एहसासों का दस्तावेज है, जो अब तक पर्दे के पीछे थे।



