दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी, आज खडग़े के आवास पर सडक़ पर संसद
कल राहुल गांधी की वोट बचाओ, देश बचाओ रैली, व्यापारियों ने की टालने की अपील

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल इन दिनों अपने चरम पर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आवास पर आज सडक़ पर संसद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पब्लिक महाभियोग लाया जाएगा। इसके साथ ही कल यानी 1 नवंबर को होने वाली विपक्षी गठबंधन इंडिया की विशाल रैली को लेकर राजनीतिक और व्यावसायिक स्तर पर तीखी बहस छिड़ गई है। यह कार्यक्रम मूल रूप से शुक्रवार को होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे आज के लिए स्थगित करना पड़ा था।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देशवासियों, राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों से अपील की है कि वे इस वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में भारी संख्या में शामिल हों। तय कार्यक्रम के अनुसार कल 1 नवंबर यह मार्च कनॉट प्लेस से शुरू होकर रामलीला मैदान तक जाएगा।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस रैली का समर्थन करते हुए कहा है कि यह एक ऐतिहासिक रैली होगी जो जनता की भावनाओं को दर्शाएगी। उन्होंने कहा कि इससे देश में यह संदेश जाएगा कि जनता मौजूदा सरकार से पूरी तरह तंग आ चुकी है और उसे नकार चुकी है।
व्यापारियों का विरोध
एक तरफ जहां विपक्षी पार्टियां इस मेगा रैली की तैयारियों में जुटी हैं, वहीं दिल्ली के व्यापारी वर्ग ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी के बाद अब व्यापारियों ने अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे जैसे प्रमुख विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर 1 नवंबर की इस रैली को टालने की अपील की है।
व्यापारियों का तर्क है कि दिवाली के आसपास का यह समय खरीदारी और माल की सप्लाई के लिए साल का सबसे अहम समय होता है। इस रैली में करीब 10 लाख लोगों और 15 से 20 हजार वाहनों के जुटने का अनुमान है। यदि इस दिन रैली हुई तो दिल्ली के 20 बड़े थोक और रिटेल बाजारों में रोजाना होने वाला 10 से 12 हजार करोड़ रुपए का भारी-भरकम कारोबार ठप हो सकता है या गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
यातायात के मोर्चे पर भारी डायवर्जन
रैली और भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। कल यानी 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रामलीला मैदान और उसके आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।



