पुलिस बुकप्रशासनमध्यप्रदेश

बर्खास्त पुलिसकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा, बीच सडक़ पर लेटकर ट्रक चालक से बोला- मुझ पर गाड़ी चढ़ा दो

भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सांची रोड पर शुक्रवार को एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। नशे में धुत इस शख्स ने पुलिस लाइन के ठीक सामने बीच सडक़ पर ऐसा ड्रामा किया कि देखने वालों के होश उड़ गए। वह अचानक एक चलते ट्रक के सामने जाकर उसके नीचे लेट गया और ट्रक चालक से जिद करने लगा कि मुझ पर ट्रक चढ़ा दो। इस हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण सडक़ पर करीब आधे घंटे तक भारी अफरा तफरी मची रही और मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बर्खास्त पुलिसकर्मी पूरी तरह से शराब के नशे में चूर था और सडक़ पर अजीबोगरीब हरकतें कर रहा था। बीच सडक़ पर चल रहे इस तमाशे को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उसे समझाने और सडक़ से हटाने के लिए उसकी पत्नी और वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने काफी मशक्कत की, लेकिन वह किसी की भी बात सुनने को बिल्कुल तैयार नहीं था। कभी वह उठकर बीच सडक़ पर चिल्ला-चिल्लाकर हंगामा करता तो कभी दोबारा ट्रक के पहियों के नीचे जाकर लेट जाता और अपनी जान जोखिम में डालने लगा। उसकी इस खतरनाक हरकत को देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें अटक गई थीं।
टै्रफिक हुआ ठप्प
इस आधे घंटे चले हंगामे के कारण सांची रोड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे वाहन चालकों और दफ्तर-बाजार जाने वाले आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक भी मामले की सूचना पहुंचाई गई। काफी देर तक चले समझाने के प्रयासों के बाद आखिरकार उसे सडक़ से हटाया गया, जिसके बाद जाकर यातायात सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!