पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

सीएम डॉ. यादव और विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने पैतृक ग्राम जैत पहुंचकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई को दी अंतिम विदाई

सीहोर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशीबाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विशेष रूप से सीहोर जिले के पैतृक ग्राम जैत पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीमती काशीबाई के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में उनकी पूरी संवेदनाएं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके समस्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा बाबा महाकाल पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने का संबल प्रदान करें।
अंतिम यात्रा में शामिल हुए प्रदेश के कई दिग्गज
शुक्रवार सुबह भोपाल के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान श्रीमती काशीबाई का निधन हो गया था, जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम जैत लाया गया था। जैत में हुए अंतिम संस्कार और अंतिम यात्रा के दौरान प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह, विधायक रमाकांत भार्गव, विधायक सुदेश राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक सुरेंद्र पटवा और पूर्व विधायक रामपाल सिंह, सीहोर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से माताजी को अंतिम विदाई दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!