इछावर के जिपं. सदस्य बोले… बदनाम मत करो विधायक जी

सीहोर। जिले की आष्टा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों भारी सनसनी फैला रहा है। इस वायरल वीडियो में विधायक द्वारा सार्वजनिक मंच से जिला पंचायत चुनाव के दौरान सदस्यों को खरीदने की बात कहने पर सियासी घमासान मच गया है। विधायक के इस बयान के बाद अब इछावर क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य शंकर पटेल ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक को आड़े हाथों लिया है।
जिला पंचायत सदस्य शंकर पटेल ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा बदनाम मत मत करो आष्टा विधायक जी, आपसे किसी जिला पंचायत सदस्य ने पैसे नहीं लिए और हम वोट नहीं बेचते। यदि पैसे दिए हैं तो विधायक जी को उन सदस्यों के नाम सार्वजनिक करने चाहिए। जिपं सदस्य के इस रुख के बाद सीहोर जिले की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। सदस्यों का कहना है कि इस तरह के बयानों से पूरे सदन और चुने हुए जन प्रतिनिधियों की छवि धूमिल होती है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा राजनीतिक बवाल जुलाई 2022 के उस दौर से जुड़ा है, जब मध्य प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव हो रहे थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव बेहद प्रतिष्ठापूर्ण था। कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए गोपाल सिंह इंजीनियर ने इस मुकाबले में जीत दर्ज की थी। उन्हें चुनाव में 11 सदस्यों के वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित शशांक सक्सेना को 6 मत मिले थे। बाद में 2023 के विधानसभा चुनाव में विधायक बनने के बाद गोपाल सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद छोड़ दिया था, जिस पर वर्तमान में रचना सुरेंद्र मेवाड़ा आसीन हैं।
अब हाल ही में सामने आए एक वीडियो में विधायक गोपाल सिंह मंच से यह कहते नजर आ रहे हैं कि जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने 18 में से 10 सदस्यों को खरीद लिया था।
विधायक बोले, यह सिर्फ हंसी-मजाक था
जब इस वायरल वीडियो और बढ़ते विवाद को लेकर विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर से पक्ष जाना गया तो उन्होंने पूरे मामले को खारिज कर दिया। विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास इस समय कोई काम नहीं बचा है, इसलिए वे बात का बतंगड़ बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मंच पर उन्होंने वह बात केवल हंसी-मजाक में कही थी, जिसे लोग और कांग्रेस पार्टी बेवजह तूल दे रहे हैं।
कांग्रेस बोली, यही लोकतंत्र का चीरहरण है
इस बयान के बाद कांग्रेस पार्टी पूरी तरह हमलावर हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधायक खुद यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे वोट खरीदकर अध्यक्ष बने थे। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सत्ता और पैसे के दम पर लोकतंत्र का चीरहरण कर रही है और यही असली वोट चोरी है।



