पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

भाजपा प्रदेश कोर समिति की बैठक में बड़े फैसले: इंदौर, भोपाल और जबलपुर में होंगी विशाल रैलियां

भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर समिति की एक अहम बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से रणनीति तैयार की गई।
इंदौर, भोपाल और जबलपुर में रैलियां

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि पार्टी पूरे प्रदेश में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत इंदौर, भोपाल और जबलपुर में बड़े स्तर पर विशाल रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इन रैलियों में लगभग एक लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के खिलाफ जन-जन तक संदेश पहुंचाया जाएगा।

राज्यसभा की एक सीट के लिए नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को जाएगा
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त हुई एक सीट के लिए उम्मीदवार के चयन पर कोर कमेटी में गहराई से मंथन हुआ। प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित दावेदारों सहित 4 से 5 प्रमुख नामों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति बनी कि इन चुनिंदा 4-5 नामों का एक पैनल बनाकर अंतिम निर्णय के लिए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व दिल्ली को भेजा जाएगा।

हर मंत्रालय से जोड़े जाएंगे सांसद और मंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ मध्य प्रदेश की जनता तक पहुंचाने के लिए एक विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। राज्य सरकार के मंत्रियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक-एक सांसद को जोडऩे की व्यवस्था की जाएगीए ताकि राज्य के मंत्री, सांसद और प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दे सकें।

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई अशोभनीय टिप्पणी की भाजपा कोर समिति ने कड़े शब्दों में निंदा की। बैठक में इस बयान के विरोध में बाकायदा निंदा प्रस्ताव पारित किया गया और कांग्रेस नेतृत्व की जमकर भत्र्सना की गई।

सरकार के 3 साल की उपलब्धियां होंगी सार्वजनिक पोर्टल पर

प्रदेश सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर जन कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनी। पारदर्शिता और जन जागरूकता के लिए सरकार के कामकाज के साथ-साथ सभी मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के प्रदर्शन एवं विकास कार्यों को एक सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!