खरगे के विवादित बयान पर भोपाल में उबाल, भाजपा आज करेगी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव

भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दी गई विवादित टिप्पणी के विरोध में राजधानी भोपाल में सियासी पारा चढ़ गया है। इस बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी आज सोमवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का जोरदार घेराव करने जा रही है।
भाजपा द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता भोपाल के रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने शिवाजी नगर चौराहे पर एकत्रित होंगे। यहां से सभी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए लिंक रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचेंगे। इस उग्र प्रदर्शन को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पटना के भाषण पर मझा घमासान
उल्लेखनीय है कि रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के बीच एक व्यक्ति की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने अमर्यादित शब्दावली का प्रयोग किया था। इस बयान के सामने आते ही मध्य प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने कांग्रेस और गांधी परिवार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।
सीएम डॉ. मोहन बोले- राजनीति में भाषा की मर्यादा जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना बेहद आवश्यक है। राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा और शालीनता का ध्यान रखा जाना चाहिए, जिसका कांग्रेस के शीर्ष नेता उल्लंघन कर रहे हैं।
शिवराज बोले- क्या सोनिया-राहुल के इशारे पर दिया बयान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में बयान जारी कर कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति और परंपरा में दिवंगत आत्माओं का सम्मान किया जाता है। हमारे देश में दुश्मन के प्रति भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं होता। शिवराज सिंह चौहान ने सीधे सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा क्या खरगे ने यह भाषा सोनिया या राहुल गांधी के इशारे पर इस्तेमाल की है। क्या इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी को गांधी परिवार का मौन समर्थन प्राप्त है। यदि ऐसा नहीं है तो क्या कांग्रेस नेतृत्व खरगे से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपार लोकप्रियता को कांग्रेस और गांधी परिवार स्वीकार नहीं कर पा रहा है, इसलिए इस स्तर की बयानबाजी पर उतर आया है।
भोपाल में पुलिस अलर्ट, सुरक्षा कड़ी
भाजपा के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय घेराव प्रदर्शन को देखते हुए भोपाल पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। रेडक्रॉस अस्पताल चौराहे, शिवाजी नगर और कांग्रेस दफ्तर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।



