इंदौर के इंडस्ट्रियल पार्क में भीषण आग, पेंट फैक्ट्री से उठी लपटों ने 2 अन्य फैक्ट्रियों को लिया चपेट में

भोपाल। इंदौर Indore के कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में रविवार को भीषण आग लगने से हडक़ंप मच गया। यहां स्थित एक पेंट और केमिकल फैक्ट्री से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि उसने पास में स्थित दो अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक बीटा इंडस्ट्रियल पार्क (जो अरविंदो अस्पताल से करीब 3 किलोमीटर अंदर की ओर स्थित है) में स्थित पेंट और केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। वहां तैनात स्थानीय सुरक्षा गार्ड ने जैसे ही लपटें उठती देखींए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
हालांकि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते या आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक फैक्ट्री में रखे पेंट और केमिकल से भरे ड्रमों ने आग में घी का काम किया। केमिकल के कारण आग बहुत तेजी से भडक़ गई और पास की दो अन्य फैक्ट्रियों तक फैल गई। हादसे के दौरान आसमान में काले धुएं का गुबार दूर.दूर तक दिखाई दे रहा था।
पानी और फोम के छिडक़ाव से पाया काबू
आग की भीषणता को देखते हुए पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए अलग-अलग दिशाओं से पानी के साथ.साथ केमिकल की आग बुझाने वाले फोम का छिडक़ाव शुरू किया। कई घंटों की भारी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
लाखों-करोड़ों के माल और मशीनरी जलकर खाक
इस हादसे में तीनों फैक्ट्रियों की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। फैक्ट्रियों के अंदर रखा कच्चा माल, तैयार केमिकल, पेंट का बड़ा स्टॉक और महंगी मशीनरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है आग की वजह
आग लगने के प्रारंभिक कारणों में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग का अमला मामले की गहराई से जांच कर रहा है, ताकि आग लगने के सटीक और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। दुर्घटना के वक्त समय रहते सूचना मिलने से किसी जनहानि की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।



