राय परिवार का क्रिसेंट गरबा बना ऐतिहासिक, 5 हजार बालिकाओं के सामूहिक गरबे से गूंजा सीहोर

सीहोर। क्रिसेंट गरबा में शुक्रवार की रात वो ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला, जिसने शहर की रात डांडिए की खनत से गुंजाएमान कर दी। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच और राय परिवार द्वारा आयोजित भव्य क्रिसेंट गरबा महोत्सव का समापन समारोह भव्य सांस्कृतिक आयोजन बन गया। पांच हजार से अधिक बालिकाओं के एक साथ सामूहिक गरबे और मैदान में उमड़े दस हजार से ज्यादा नागरिकों के जनसैलाब ने इस आयोजन को अमर कर दिया। भीड़ इतनी जबरदस्त थी कि सैकड़ों श्रद्धालुओं को मैदान के भीतर पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पाई और भोपाल नाका क्षेत्र पर ट्रैफिक जाम जैसे हालात बन गए, जिसे संभालने के लिए कोतवाली टीआई गिरीश दुबे और उनकी पुलिस टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस महाआयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए राय परिवार के तमाम सदस्य एक मंच पर नजर आए। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, रोमनी राय, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, नमिता राय, विधायक सुदेश राय, अरुणा राय, निलेश राय, सुषमा राय, राजकुमार जायसवाल और शीतल राय ने माता रानी जगदंबा दुर्गा भवानी की प्रतिमा के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर और माला पहनाकर समापन समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
राय परिवार ने इस भव्य आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग और मशहूर टीवी व फिल्म अभिनेत्री रश्मि देसाई का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ-साथ, राय परिवार ने मैदान में मौजूद हजारों माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं का भी हाथ जोडक़र अभिनंदन किया।

5 हजार बालिकाओं ने एक साथ थामा डांडिया
आकर्षक रूप से सजाए गए विशाल पंडाल के नीचे जब पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी पांच हजार से अधिक बालिकाओं और महिलाओं ने माता रानी के भक्ति गीतों पर एक साथ कदम थिरकाए तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। ढोल-ढमाकों की थाप और जय माता शेरावाली दा बोल सांचे दरबार की जय के गगनभेदी जयकारों से पूरा सीहोर गूंज उठा। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच की ओर से इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं को निशुल्क गरबा प्रशिक्षण देकर इस मंच तक लाने का प्रयास रंग लाया और सभी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
मंत्री सारंग ने की राय परिवार की मुक्तकंठ से सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री विश्वास सारंग ने माता रानी का जयकारा लगाते हुए कहा कि राय परिवार भारतीय संस्कृति को सहेजने और संवारने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का बहुत ही सराहनीय कार्य कर रहा है। इतने बड़े पैमाने पर महाआयोजन करना और हजारों के जनसैलाब को एक मैदान में अनुशासन के साथ एकजुट करना कोई साधारण काम नहीं है, जिसे विधायक सुदेश राय और समाजसेविका अरुणा राय ने कर दिखाया है।
अभिनेत्री देसाई बोलीं- अद्भुत अनुभव
मंच पर पहुंचीं लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मि देसाई सीहोर की इस भव्यता को देखकर दंग रह गई। उन्होंने कहा आज क्रिसेंट गरबा महोत्सव में आकर मेरा दिल खुश हो गया है। यहां का माहौल, माता रानी की भक्ति और आप सबका उत्साह गजब का है। अरुणा भाभी जी ने 5 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क गरबा सिखाकर उनका जो मनोबल बढ़ाया है, वह काबिल ए तारीफ है। विधायक सुदेश राय और उनकी पूरी टीम ने मिलकर जो संस्कृति का प्रसार किया है, वह विदेशों तक प्रेरणा देने वाला है। इतनी सारी बालिकाओं को एक साथ थिरकते देखना वाकई बेहद खूबसूरत अनुभव है।



