प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास की नई परियोजना शुरू होगी: सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के विकास, पर्यावरण और स्थानीय रोजगार को लेकर कई बड़ी और अहम घोषणाएं की हैं। बडऩगर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए एक नई विशेष परियोजना शुरू की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बडऩगर में प्रसिद्ध गीतकार कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित करने और गीता भवन के निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ कन्याओं का पूजन किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर बडऩगर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
बडऩगर में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के किसानों और युवाओं की भलाई के लिए बड़ी सौगातें दीं….
– बडऩगर में एक नया फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार और किसानों की उपज को बेहतर बाजार मिलेगा।
– उज्जैन और आगर जिले में आलू प्रसंस्करण की नई यूनिट शुरू की जा रही हैं। यह यूनिट प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से सीधे आलू खरीदेगी, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित और लाभकारी मूल्य मिल सकेगा।
– शिक्षा के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भाट पचलाना और इंगोरिया में नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे।
सिंहस्थ 2028 और जन-सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के लिए प्रदेश में 25 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने अन्य प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों का सफर आसान बनाने के लिए इस योजना को दोबारा शुरू किया गया है। सडक़ दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले मददगारों राहवीरों को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। आपात स्थिति में घायलों को एयर एम्बुलेंस और हेली सेवा से नि:शुल्क इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जाएगा। राज्य में दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दूध उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। साथ ही एशिया से विलुप्त हो चुके चीतों को मध्य प्रदेश में पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक कार्य भी किया गया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर दिया गया है और मध्य प्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला राज्य बन गया है।
करोड़ों के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र में विकास की रफ्तार बढ़ाते हुए विभिन्न विभागों के तहत अनेक निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया ग्राम पंचायत गजनीखेड़ी स्थित मां चामुंडा मंदिर परिसर में 16 कमरों की धर्मशाला, टीन शेड, सामुदायिक भवन, शौचालय, पानी की टंकी, बाउण्ड्रीवाल, वाटर रिटेंशन कार्य और विभिन्न ग्राम पंचायतों में सीसी रोड व आरसीसी नाली निर्माण। उप स्वास्थ्य केंद्र भवन भीड़ावद, मौलाना, बीराखेड़ी, दुनातला, पलदूना, बडिय़ा के साथ-साथ सिविल अस्पताल बडऩगर के उन्नयन कार्य। पीआईयू के तहत इंडोर स्टेडियम व स्विमिंग पूल का निर्माण और बडऩगर नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड व आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।



