डॉ. अजय पटेल बोले- राहुल झूठ की गूंज करने आ रहे इंदौर…

सीहोर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में सियासी पारा चढ़ गया है। दौरे से ठीक पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चंद्रवंशी खाती समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीजेपी नेता डॉ. अजय पटेल ने राहुल गांधी के इस कार्यक्रम पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वे मध्य प्रदेश में झूठ की गूंज करने आ रहे हैं।
डॉ. अजय पटेल ने कार्यक्रम की अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई है। जब प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं तो कार्यक्रम की अनुमति को लेकर सवाल उठाना पूरी तरह से अनुचित और बेबुनियाद है।
पोस्टरों से गरमाई सियासत
एक तरफ डॉ. अजय पटेल के बयान से सियासी हलचल तेज हुई है, वहीं दूसरी तरफ इंदौर शहर में राहुल गांधी के पहुंचने से पहले राहुल गांधी के झूठ लिखे कथित पोस्टरों को लेकर बवंडर खड़ा हो गया है। शहर भर में लगे इन पोस्टरों में राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। पोस्टर किसने और क्यों लगाए, इसे लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं।



