राहुल के आने से पहले इंदौर में सियासी गूंज, जीतू पटवारी का सीएम को ट्वीट, मांगा नेहरू स्टेडियम

भोपाल. राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे से पहले ही इंदौर में सियासी पारा 44 डिग्री पहुंच गया है. कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर अब आर-पार की जंग शुरू हो चुकी है. वजह है इंदौर का ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम, जिसकी अनुमति को लेकर अब कांग्रेस और सरकार आमने-सामने आ गए हैं.
जी हां, 12 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम प्रस्तावित है, लेकिन कार्यक्रम से ठीक पहले आयोजन स्थल यानी नेहरू स्टेडियम को लेकर विवाद गहरा गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्वीट कर सरकार से अपील भी की है और सीधा हमला भी बोला है.
जीतू पटवारी ने अपने संदेश में साफ कर दिया कि वे किसी भी तरह की नियम-कायदे की आड़ में होने वाली बयानबाजी या अड़ंगेबाजी के खेल में नहीं पडऩा चाहते. उन्होंने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में याद दिलाया कि विषय की गंभीरता और राष्ट्रीय महत्व को समझते हुए प्रशासन को तुरंत नेहरू स्टेडियम आवंटित कर देना चाहिए.
बता दें एक तरफ जहां कांग्रेस इस कार्यक्रम को विशुद्ध रूप से युवाओं और छात्रों के हक की आवाज बता रही है तो वहीं बीजेपी इसे सियासी पब्लिसिटी स्टंट करार दे रही है. अब सवाल उठ रहा है कि क्या इंदौर प्रशासन कांग्रेस को नेहरू स्टेडियम की परमिशन देगा, या फिर राहुल गांधी के आने से पहले इंदौर में सियासत की यह गूंज और तेज होगी.
राहुल गांधी के आने से पहले ही मध्य प्रदेश में सियासत गर्मा गई है. जीतू पटवारी के ट्वीट ने अब गेंद सरकार और नगर निगम के पाले में डाल दी है. देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन स्टेडियम की अनुमति देता है या फिर नियम-कायदों का हवाला देकर राहुल गांधी के इस कार्यक्रम का ठिकाना बदलता है.



