आचार्य समय सागर महाराज बने मप्र के राजकीय अतिथि

भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार को आयोजित आचार्य समय सागर महाराज ससंघ के चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा ऐतिहासिक ऐलान किया। उन्होंने आचार्य समय सागर महाराज को मध्य प्रदेश का राजकीय अतिथि घोषित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस निर्णय का समारोह में उपस्थित देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आचार्य श्री के पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद लिया, जिस पर आचार्य श्री ने उन्हें शास्त्र भेंट किए। मुख्यमंत्री ने जैन मुनि से मध्य प्रदेश विधानसभा आने का आग्रह भी किया, ताकि सभी विधायक उनके मार्गदर्शन से लोककल्याण और सेवा के मूल्यों की प्रेरणा ले सकें।
संतों का सान्निध्य ही देवमार्ग
संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 84 लाख योनियों के बाद मिले इस मानव जीवन में संतों का सान्निध्य ही मनुष्य को देवत्व के मार्ग पर ले जाता है। उन्होंने आचार्य विद्यासागर महाराज की आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए आचार्य समय सागर महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि शासक नहीं, बल्कि जनता के सेवक हैं।
आचार्य श्री ने दिया अहिंसा और जीवदया का संदेश
आचार्य समय सागर महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि अहिंसा केवल जैन धर्म नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व धर्म का आधार है। उन्होंने समाज से आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणा अनुसार जीव दया, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में बढ़-चढक़र योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, राहुल कोठारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



