पुलिस बुकमध्यप्रदेश

सीहोर की नई कप्तान बनीं सोनाक्षी सक्सेना, संभाला कार्यभार

सीहोर। भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी सोनाक्षी सक्सेना ने गुरुवार को सीहोर जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर नवागत एसपी श्रीमती सक्सेना ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री शुक्ला से जिले की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था की वर्तमान चुनौतियों और महत्वपूर्ण संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर फीडबैक प्राप्त किया।
पुलिस अधिकारियों के साथ परिचय सत्र
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद नई एसपी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की। इस बैठक में उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा, डीएसपी अजाक प्रवीण चढ़ोकर, रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव, मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहरा से परिचय प्राप्त किया और उनके क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।
कार्यालय की शाखाओं का किया निरीक्षण
एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण भी किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों से मुलाकात कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा और पेंडिंग कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!