बंगाल में ‘भगवा’ के उदय पर सीहोर में जश्न, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बांटी झालमुढ़ी

सीहोर। पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता और पहली बार प्रदेश में भगवा लहराने की खुशी का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने अनूठे अंदाज में जीत का जश्न मनाया। उन्होंने शहर के मुख्य चौराहे पर आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन झालमुढ़ी का वितरण किया।
पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने की खबर मिलते ही सीहोर के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने इस जीत को भारतीय राजनीति का ऐतिहासिक मोड़ बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवाद की जीत है।
झालमुढ़ी बांटकर जताया उत्साह
आमतौर पर जीत की खुशी में मिठाइयां बांटी जाती हैं, लेकिन बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दुकान से झालमुढ़ी खरीदकर खाई थी, जो पूरे देश में चर्चा का केन्द्र रही थी। इसीलिए नपाध्यक्ष राठौर ने भी झालमुढ़ी बांटकर जीत की खुशी मनाई है।
कार्यकर्ताओं ने लगाए जय श्री राम के नारे
जश्न के दौरान पूरा माहौल जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता थिरकते नजर आए। सीहोर के नागरिकों ने भी इस जश्न में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं का मानना है कि बंगाल में भाजपा का उदय देश की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत है।



