मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा एलान, इंदौर में जुटेगा दुनिया का कुनबा…

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले प्रदेश के विकास और आगामी वैश्विक आयोजनों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि आगामी 9 से 13 जून तक इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स समूह और अधिक सशक्त हो रहा है। इंदौर में होने वाले इस 5 दिवसीय सम्मेलन में ब्राजील, रूसए, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका सहित यूएई, सऊदी अरब, मिस्र और इंडोनेशिया जैसे 21 देशों के मंत्रीए वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक और नीति निर्धारक शामिल होंगे। डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि यह आयोजन पूर्ण गरिमा और गौरव के साथ संपन्न होना चाहिए।
इंदौर मॉडल पर प्रदेश में लगेंगे सोलर प्लांट
नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने इंदौर नगर निगम की ग्रीन बॉन्ड स्कीम की सराहना की।
जलूद मेगा सोलर प्लांट: खरगोन के जलूद में 271 करोड़ की लागत से 60 मेगावाट का प्लांट पीपीपी मोड पर शुरू हुआ है।
बचत और लाभ: इससे इंदौर नगर निगम को साल में 35 से 60 करोड़ रुपये की बचत होगी।
निर्देश: मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने प्रभार के जिलों में इसी तर्ज पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा: 12 मई तक जिला समितियों की बैठक अनिवार्य
8 से 10 मई: विभागवार समीक्षा होगी जिसमें मंत्री अपनी उपलब्धियां और आगामी कार्ययोजना पेश करेंगे।
डेडलाइन: 12 मई से पहले प्रभार के जिलों में जिला विकास समितियों की बैठक आयोजित करना अनिवार्य होगा।
गेहूं उपार्जन: मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 19 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है और 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी कर 6520 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
श्रम स्टार रेटिंग की अनूठी पहल
मजदूरों के कल्याण के लिए डॉ. यादव ने श्रम स्टार रेटिंग व्यवस्था की शुरुआत की है। प्रदेश के 554 कारखानों ने इसे स्वेच्छा से अपनाया है। यह रेटिंग औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों के आधार पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संस्थानों को प्राथमिकता दी जाए जो श्रमिकों के अधिकारों के प्रति सजग हैं।
काशी में उज्जैन की वैदिक घड़ी की गूंज
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में उज्जैन की विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के डिजिटल फलक का अवलोकन कर इसकी सराहना की है। यह आधुनिक तकनीक और प्राचीन काल गणना का अद्भुत संगम है।
बंगाल में ऐतिहासिक जीत
विधानसभा चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और केरल जैसे राज्यों के परिणाम भारतीय राजनीति के इतिहास में दर्ज होंगे। उन्होंने बंगाल में भाजपा की सफलता को कार्यकर्ताओं के बलिदान और पीएम मोदी व अमित शाह के नेतृत्व की जीत बताया।


