जवाहर चौक में मेट्रो के काम के बीच बड़ा हादसा, 5 दुकानों के छज्जे गिरेए मची भगदड़

भोपाल। राजधानी के व्यस्ततम इलाके जवाहर चौक में गुरुवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब अचानक एक साथ पांच दुकानों के छज्जे भरभरा कर गिर गए। छज्जे गिरते ही दुकानदार और ग्राहक जान बचाकर बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
बता दें दोपहर के समय जब बाजार में चहल-पहल थी, तभी अचानक फोटो फ्रेम, ऑटोमोबाइल, कपड़ा और स्पोट्र्स आइटम की दुकानों के छज्जे धंस गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग भी सहम गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी और पार्षद जगदीश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मेट्रो के काम पर उठे सवाल
पीडि़त दुकानदारों का कहना है कि ये दुकानें नगर निगम की हैं और करीब 40 साल पुरानी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानों के ठीक सामने मुख्य सडक़ पर मेट्रो रेल का निर्माण कार्य चल रहा है। दुकानदारों की आशंका है कि मेट्रो के काम के दौरान होने वाले कंपन या खुदाई की वजह से पुरानी दुकानों की नींव कमजोर हुई और यह हादसा हुआ।
विधायक ने दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे विधायक भगवान दास सबनानी ने दुकानदारों से बात की और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। फिलहाल निगम की टीम मलबे को हटाने और दुकानों की मजबूती की जांच करने में जुटी है।



