पुलिस बुकप्रशासनमध्यप्रदेश

कलियासोत डैम पर 7 मिनट का खौफा, बीबीए स्टूडेंट्स को चाकू की नोक पर घेरा, चेन लूटी, 150 कैमरे खंगालकर 10 घंटे में दबोचे गए बदमाश

भोपाल। राजधानी के पॉपुलर हैंगआउट स्पॉट कलियासोत डैम पर 10 नवंबर की रात जो हुआ, उसने घूमने गए चार दोस्तों की रूह कंपा दी। कार से पटाखे फोड़ते और मस्ती करते इन बीबीए स्टूडेंट्स के लिए रात के महज सात मिनट किसी हॉरर फिल्म से कम नहीं रहे। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठाकर चारों को चाकू की नोक पर घेर लिया और पलक झपकते ही गले की चेन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक चारों स्टूडेंट्स संस्कृति, ख्याति, वंश और देव रात करीब 9 बजे कार से कलियासोत डैम के पास मैदान में पहुंचे थे। वे कार से उतरकर पटाखे फोड़ रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी एक बाइक पर तीन बदमाश वहां आ धमके। विरोध करने पर एक युवक के कंधे पर चाकू के हत्थे से वार किया गया और धमकी दी गई जल्दी चेन और सामान सौंप दो, वरना कोई जिंदा नहीं बचेगा। संस्कृति के अनुसार रात 9.00 बजे शुरू हुआ यह खौफनाक खेल ठीक 9.07 बजे बदमाशों के भागने के साथ खत्म हुआ यानी महज 7 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद डर की वजह से तुरंत शिकायत नहीं की गई, लेकिन घर लौटने पर परिजनों को पता चलने पर 14 नवंबर को रातीबड़ थाने में मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने तुरंत तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने पुराने अपराधियों और जेल से छूटे बदमाशों की कुंडली खंगालनी शुरू की। साथ हीए घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सटीक जानकारी के दम पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुराना अपराधी है मुख्य आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई चारों सोने-चांदी की चेन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और चाकू बरामद कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों में से एक रामपाल सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिस पर पहले से अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पूछताछ कर रही है कि उन्होंने इस इलाके में या आसपास और किन वारदातों को अंजाम दिया है।

डैम पर गश्त के बावजूद कैसे हुई घटना
प्रशासन के दावों के मुताबिक कलियासोत और केरवा डैम क्षेत्र में पुलिस की चीता मोबाइल टीम चौबीस घंटे गश्त करती है। जंगली जानवरों के खतरे को लेकर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं और सुरक्षा के लिए थानों के नंबर चस्पा हैं। इसके बावजूद अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों का इस तरह बेखौफ वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। बहरहाल पुलिस की मुस्तैदी से बदमाश चंद घंटों में सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!