बीजेपी विधायक के बयान पर भडक़े नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार…

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य द्वारा आदिवासी समाज को लेकर दिए गए कथित बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर सिंघार ने इस टिप्पणी को आदिवासी समाज की पहचान, अस्तित्व और अस्मिता पर सीधा हमला करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में संज्ञान लेते हुए बेलगाम विधायक के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट के माध्यम से भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जैसे अवसर पर भाजपा विधायक का यह बयान पार्टी की आदिवासी-विरोधी मानसिकता को सरेआम उजागर करता है। सिंघार ने आरोप लगाया कि एक तरफ तो भाजपा सरकार जनजातीय गौरव दिवस मनाने का ढोंग रचकर आदिवासी समाज के नाम पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी तरफ उसके ही विधायक पन्नालाल शाक्य श्देश में कोई आदिवासी नहीं है, जैसा विवादित बयान देकर पूरे समाज की ऐतिहासिक पहचान को ही सिरे से नकार रहे हैं।
अधिकार और स्वाभिमान के लिए लडऩे वाला समाज
मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश और देश का जनजातीय समाज भाजपा के किसी राजनीतिक दिखावे या वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने जल, जंगल, जमीन के अधिकार, स्वाभिमान और अपनी मूल पहचान के लिए डटकर संघर्ष करने वाला समाज है और इस तरह के अपमानजनक बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सख्त कार्रवाई की मांग, प्रदेश में चढ़ा सियासी पारा
उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार और संगठन से इस पूरे मामले पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि आदिवासी समाज के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाने और करोड़ों लोगों की भावनाओं व अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले विधायक पर आखिर कब तक कार्रवाई की जाएगी।



