पटवारी ने मोहन सरकार पर बोला तीखा हमला

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को ग्वालियर पहुंचे। अवसर था कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित एक खास प्रशिक्षण कार्यक्रम का, जिसमें ग्वालियर जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जोश के साथ शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और राज्यसभा सांसद अशोक सिंह समेत कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।
लेकिन मंच से लेकर मीडिया की चौपाल तक जीतू पटवारी के तेवर पूरी तरह हमलावर नजर आए। उन्होंने कानून व्यवस्था, मंदिरों की सुरक्षा और आउटसोर्स कर्मचारियों के मुद्दों पर राज्य की मोहन सरकार को आड़े हाथों लिया।
अध्यात्म की बात करने वाली सरकार में चोरी हुईं 318 मूर्तियां
पत्रकारों से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि देश भर के मंदिरों से कुल 488 मूर्तियां चोरी हुई हैं, जिनमें से अकेले मध्य प्रदेश से 318 मूर्तियां गायब हुई हैं।
सरकार पर तंज कसते हुए पटवारी ने कहा जो सरकार खुद को अध्यात्म की पैरोकार बताती है, उसके राज में मंदिरों से इतनी बड़ी संख्या में मूर्तियां चोरी हो रही हैं। यह शर्मनाक है और इससे साफ पता चलता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था का क्या हाल है।
प्रदेश में एक्टिव हैं 52 तरह के माफिया
कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए पीसीसी चीफ ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफियाओं को खुला संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते चोरों और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि इस समय मध्य प्रदेश में 52 तरह के माफिया पूरी तरह हावी हैं।
आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य पर सरकार को घेरा
दिवाली बीत जाने के बाद भी कई आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन न मिलने के मुद्दे पर जीतू पटवारी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश की रोजगार नीति को पूरी तरह दिशाहीन बताया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर डरे और भ्रमित हैं। सरकार केवल विज्ञापनों और बयानबाजी तक सीमित न रहे, बल्कि अपनी स्थिति स्पष्ट करेए वरना इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने होंगे।
जब पटवारी से यह सवाल किया गया कि प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया तो पटवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह सवाल विपक्ष से नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री और बीजेपी से पूछा जाना चाहिए।
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जागीरदारी और कांग्रेस द्वारा उन्हें घेरे जाने के सवाल पर पटवारी ने दो टूक अंदाज में कहा जागीदारी तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की थी, किसी और की नहीं। हम किसी को नहीं घेर रहे, हमारा मुख्य काम वोट चोरी को रोकना है।
अब बूथ स्तर पर कसेगी कांग्रेस की कमर
दौरे के मुख्य एजेंडे यानी संगठन सृजन अभियान पर बात करते हुए पटवारी ने बताया कि पार्टी मंडल, ब्लॉक और विधानसभा अध्यक्षों को विशेष रूप से प्रशिक्षित कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के लिए पूरी तरह तैयार करना है। जिला स्तर के बाद अब विधानसभा स्तर पर भी ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।



