प्रशासनमध्यप्रदेशमिलावट

भोपाल में छापे से पहले गायब हुई पाकिस्तानी क्रीम

भोपाल। खूबसूरती बढ़ाने के नाम पर बाजार में आपकी सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित ब्यूटी क्रीम गोरी और चांदनी व्हाइटनिंग की मध्य प्रदेश की दुकानों पर अवैध रूप से बिक्री हो रही है। यह चौंकाने वाला खुलासा शुक्रवार को इंदौर में एक स्टोर और गोदाम पर हुई कार्रवाई के दौरान हुआ, जहां से इस क्रीम के 300 पैकेट जब्त किए गए।
इंदौर में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद शनिवार को भोपाल में भी ड्रग इंस्पेक्टर की टीम बाजार में जांच करने पहुंची, लेकिन कारोबारियों को इसकी भनक पहले ही लग गई।
भोपाल में टीम पहुंचते ही दुकान छोडक़र भागे व्यापारी
शनिवार को जब ड्रग विभाग की टीम भोपाल के कॉस्मेटिक बाजारों में जांच करने पहुंची तो वहां हडक़ंप मच गया। कार्रवाई की सूचना लीक होने के कारण व्यापारियों ने फटाफट दुकानों से दोनों क्रीम का पूरा स्टॉक गायब कर दिया, वहीं कई व्यापारी अपनी दुकानें छोडक़र मौके से भाग निकले। सघन तलाशी के बाद भी टीम के हाथ सबूत के तौर पर क्रीम की सिर्फ एक ही डिब्बी लग सकी।
भारत में पूरी तरह प्रतिबंधित
ड्रग विभाग अब इस बात की जांच में जुटा है कि आखिर ये क्रीम मध्य प्रदेश के बाजारों तक कैसे पहुंचीं और इन्हें कौन सप्लाई कर रहा है।
इन पाकिस्तानी क्रीम को भारत में लाने के लिए न तो कोई इंपोर्ट लाइसेंस जारी किया गया है और न ही ये सीडीएससीओ में रजिस्टर्ड हैं।
बाजार में चोरी-छिपे हो रही बिक्री को रोकने के लिए अब ड्रग कंट्रोलर की ओर से पुलिस आयुक्त से बात की जा रही है। जल्द ही ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस की संयुक्त टीमें बनाकर बाजारों में बड़े स्तर पर छापेमारी की जाएगी।
सेहत के लिए जहर
इन क्रीमों का इस्तेमाल त्वचा और शरीर के लिए बेहद जानलेवा साबित हो सकता है। हाल ही में महाराष्ट्र के नागपुर में इस प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम के इस्तेमाल से 8 महिलाओं की किडनी खराब होने का मामला सामने आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब क्रीम की लैब जांच कराई गई, तो इसमें पारा की अत्यधिक और खतरनाक मात्रा पाई गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक क्रीम में मौजूद यह पारा त्वचा के जरिए शरीर के अंदर पहुंचता है और सीधे किडनी को डैमेज कर देता है।
विभाग की अपील, इस्तेमाल न करें, बिक्री दिखे तो तुरंत दें सूचना
फूड एंड ड्रग कंट्रोलर ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली इन प्रतिबंधित क्रीमों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। साथ ही यदि किसी दुकान या बाजार में इनकी बिक्री होते हुए दिखाई देए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी ड्रग इंस्पेक्टर या फूड एंड ड्रग कंट्रोलर कार्यालय को दें, ताकि ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!