आमामाय गांव में सौर ऊर्जा से मिलेगा शुद्ध पानी, जिपं. सीईओ यादव ने सोलर वाटर सिस्टम का किया शुभारंभ

सीहोर। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जना यादव ने जिले की लीलाखेड़ी पंचायत के आमामाय गांव में सौर ऊर्जा आधारित पेयजल प्रणाली सोलर बेस्ड ड्रिंकिंग वाटर सिस्टम का शुभारंभ किया। यह पहल सीपा संस्था के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
इनॉग्रेशन कार्यक्रम के दौरान सीपा संस्था की टीम ने ग्रामीणों और अधिकारियों के सामने जल संरक्षण, आजीविका सुधार और आधुनिक खेती से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इस दौरान संस्था द्वारा कम लागत में बेहतर कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। पानी की जांच फील्ड टेस्टिंग किट के जरिए पेयजल की गुणवत्ता जांचने का तरीका दिखाया गया। पानी को बचाने और शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उपायों पर चर्चा की गई।
जिला पंचायत सीईओ ने की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव और उनकी टीम ने सीपा संस्था के प्रयासों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि तकनीक पर आधारित ये पहल ग्रामीणों की सुविधाओं को बढ़ाने, आजीविका को मजबूत करने और जल संरक्षण में बेहद मददगार साबित होंगी। उन्होंने संस्था की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं और धन्यवाद दिया।
पंचायत के सहयोग से चल रहे हैं प्रयास
सीपा संस्था के मुख्य अधिकारी आशीष जैन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत के साथ मिलकर जल संरक्षण और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस अवसर पर सीपा संस्था की ओर से सूरज वर्मा, चेतन ठाकुर, शिवानी पटेल सहित टीम के अन्य सदस्य और ग्रामीण जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक सौर ऊर्जा से पेयजल पहुंचाना, पानी की जांच सुनिश्चित करना और कमाई के आधुनिक साधनों को बढ़ावा देना था।



