सीडब्ल्यूएसएन छात्रावासों का सुचारू संचालन जारी रहेगा, सामाजिक न्याय विभाग संभालेगा कमान

सीहोर। जिला शिक्षा केंद्र द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के) छात्रावासों का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। जब तक विज्ञापन प्रक्रिया के माध्यम से किसी नई स्वयंसेवी संस्था का चयन नहीं हो जाता, तब तक छात्रावासों के संचालन की पूरी जिम्मेदारी सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग संभालेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार जिला शिक्षा केंद्र द्वारा उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग सीहोर को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कलेक्टर द्वारा वर्ष 2026-27 में छात्रावास का संचालन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा ही कराए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
बच्चों की पढ़ाई और व्यवस्था नहीं रुकेगी
पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिव्यांग छात्र-छात्राओं से जुड़ा यह कार्य अत्यंत संवेदनशील है। इसलिए बच्चों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए छात्रावास संचालन को किसी भी स्थिति में रोका नहीं जा सकता। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के संदर्भित निर्देशों के तहत 1 जुलाई से ही छात्रावासों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए थे।
चयन प्रक्रिया पूरी होते ही सौंपा जाएगा प्रभार
वर्तमान में विज्ञापन के माध्यम से पात्र एवं नई स्वयंसेवी संस्था के चयन की प्रक्रिया प्रचलन में है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जैसे ही नई स्वयंसेवी संस्था की चयन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, सामाजिक न्याय विभाग द्वारा छात्रावास का समस्त दायित्व, प्रभार और रिकॉर्ड चयनित संस्था को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे, तब तक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।



