सीहोर नपा चुनाव: थर्ड फ्रंट की आहट से बढ़ी सियासी हलचल, सर्वे एजेंसियां भी हुईं सक्रिय

सीहोर। अगले वर्ष प्रस्तावित नगर पालिका परिषद चुनाव को लेकर जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। अभी चुनाव में समय शेष है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। भाजपा और कांग्रेस के संभावित चेहरों के साथ-साथ इस बार एक मजबूत निर्दलीय (थर्ड फ्रंट) उम्मीदवार के मैदान में उतरने की अटकलें भी जोर पकड़ रही हैं।
चर्चाओं के केंद्र में पूर्व विधायक के पुत्र शशांक सक्सेना का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि उनकी ओर से चुनाव लडऩे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में उन्हें संभावित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो नगर पालिका चुनाव का मुकाबला और अधिक रोचक हो सकता है।
भाजपा की ओर से वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर सहित कई अन्य नेताओं के नाम संगठन स्तर पर चर्चा में बताए जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती सहित कई दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। दोनों प्रमुख दल फिलहाल संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय समीकरणों का आकलन करने में जुटे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि किसी मजबूत निर्दलीय उम्मीदवार की एंट्री होती है तो चुनावी मुकाबला पारंपरिक भाजपा-कांग्रेस की लड़ाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में स्थानीय मुद्दे, व्यक्तिगत जनसंपर्क और सामाजिक समीकरण निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
सर्वे एजेंसियां भी हुईं सक्रिय
सूत्रों के अनुसार अगले वर्ष होने वाले नगर पालिका चुनाव को देखते हुए कई निजी सर्वे एजेंसियां अभी से सक्रिय हो गई हैं। बताया जा रहा है कि विभिन्न राजनीतिक दल संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता, जनस्वीकृति, स्थानीय मुद्दों और वार्डवार समीकरणों का आकलन कराने के लिए सर्वे करा रहे हैं। इन सर्वे रिपोर्टों के आधार पर टिकट वितरण और चुनावी रणनीति तय किए जाने की भी चर्चा है।
हालांकि फिलहाल किसी भी दल ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, लेकिन चुनावी तैयारियों और संभावित चेहरों को लेकर शुरू हुई चर्चाओं ने नगर की राजनीति को गर्मा दिया है। आने वाले महीनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।



