दिग्विजय सिंह की यात्रा गुना जिले में दाखिल, चढ़ावे में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर हुई आवाज

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा अपने 14वें दिन गुना जिले में प्रवेश कर गई है। आज की पदयात्रा गुना के नयापुरा जोड़ से धार्मिक उत्साह, आस्था और कड़े संकल्प के साथ शुरू हुई। इस दौरान पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह भी यात्रा में शामिल हुए और दिग्विजय सिंह के साथ कदमताल करते नजर आए।

यात्रा के 14वें दिन की शुरुआत से पहले पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने दिग्विजय सिंह के साथ धर्मरथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार, पवित्र तीर्थजल के कलशों और पार्थिव शिवलिंग की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद सभी पदयात्रियों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को ससम्मान सलामी दी और सत्य, सनातन एवं स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेते हुए आगे बढ़े। जयवर्धन सिंह अब इस यात्रा में लगातार दिग्विजय सिंह के साथ सहभागिता करेंगे।
क्या है यात्रा का मुख्य उद्देश्य
महाकाल की नगरी उज्जैन से शुरू होकर प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तक जाने वाली लगभग 1000 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और राम मंदिरों में मिलने वाले चंदेए चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ जन.जागृत करना है। यात्रा के जरिए मांग की जा रही है कि धार्मिक संस्थाओं में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही तय हो। आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाली दानराशि उनकी आस्था का प्रतीक है और इस पवित्र धन का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
आज का रूट और विश्राम
आज की यह पदयात्रा नयापुरा जोड़ से शुरू होकर ग्राम कालापीपल, नेशकलॉ, कुण्डालिया, मेरियाखेड़ी खुर्द, आमासेर, गुंजारी, नाईपुरिया पोलास और गणेश जी मंदिर से होते हुए चाचौड़ा नगर पहुंची। यात्रा का आज का रात्रि विश्राम और भोजन बीनागंज के रॉयल पैलेस गार्डन में प्रस्तावित है।



