दिल्ली एनसीआरपॉलिटिकल तड़कामुद्दा गरम है

एसआईआर के विरोध में दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, 20 से ज्यादा दल हुए शामिल

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज रविवार एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की एक विशाल रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से समर्थक सुबह से ही रामलीला मैदान में जुटने लगे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस महा रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने का बड़ा दावा किया है।
इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत 20 से अधिक विपक्षी दलों के दिग्गज नेता संबोधित करेंगे।
रैली से पहले मिंटो ब्रिज से इंडिया ब्लॉक का मार्च शुरू होगा, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। इसके अलावा दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में भी कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे हैं और राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। रामलीला मैदान के बाहर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े और प्रियंका गांधी के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं।
पिछले 25 दिनों में सातवीं बार विपक्ष का साझा प्रदर्शन
एसआईआर और चुनावी मुद्दों के विरोध में पिछले 25 दिनों के भीतर विपक्षी दलों का यह सातवां संयुक्त प्रदर्शन है। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच विपक्ष इस मुद्दे को लेकर छह बार अलग-अलग विरोध प्रदर्शन कर चुका है।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि उनका संगठन वोट चोरी के खिलाफ लडऩे वाले सभी संगठनों का वैचारिक समर्थन करता है, लेकिन एक गैर राजनीतिक संगठन होने के कारण वे आधिकारिक रूप से इस रैली में शामिल नहीं होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 250 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर ने जानकारी दी है कि पूरे इलाके में 200 से 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। इसके अलावा आयोजकों ने भी अपना एक अलग कंट्रोल रूम बनाया है। रामलीला मैदान के विभिन्न हिस्सों में मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने के लिए सेवा दल, सिविल डिफेंस कमेटी और स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के वॉलंटियर्स भी सडक़ों पर मुस्तैद हैं।
कार्यकर्ताओं ने की मैदान की सफाई
सुबह-सुबह मैदान में कुछ जगह नमी और पानी होने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद आगे आकर मैदान की सफाई की, ताकि आने वाले समर्थकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!