सीएम बोले, महंगी पड़ गईं लाड़ली बहना…

भोपाल। राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक अलग ही अंदाज में नजर आए। कार्यक्रम के दौरान जब बुंदेली कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए सवाल पूछे तो सीएम ने कई विषयों पर बेबाकी और मजाकिया लहजे में जवाब दिए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी समेत बुंदेलखंड क्षेत्र के कई दिग्गज सोशल मीडिया क्रिएटर्स मौजूद थे।
छतरपुर की प्रसिद्ध बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने मुख्यमंत्री से पूछा आपने अपनी जिज्जियों बहनों के लिए तो बहुत कुछ किया है, लेकिन जिज्जियों की बिन्नुओं बेटियों के लिए आप क्या करना चाहते हैं।
इस सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा बिन्नू, यह बहुत अंदर की बात है। मुझे क्या मालूम था कि मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है, लेकिन हमने कहा कि हमारी बहनों के लिए कोई तकलीफ नहीं है.
सीएम ने योजना के सफर का जिक्र करते हुए आगे कहा कि 1000 से यात्रा शुरू हुई थी और उस समय शुरुआत में काफी कठिनाई आई, लेकिन अब राशि बढ़ाकर 1500 दी जा रही है। उन्होंने बिन्नू से मजाकिया लहजे में कहा अभी तुम लाड़ली बहना योजना के लायक छोटी हो, थोड़ी और बड़ी हो जाओ, फिर तुम्हें भी दे देंगे। सीएम के इस जवाब पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
24 घंटे में समस्या हल करने के सवाल पर दिया जवाब
कार्यक्रम में एक अन्य युवा ने सवाल किया कि यदि बुंदेलखंड के युवाओं की कोई एक समस्या 24 घंटे में हल करनी हो तो वे क्या करेंगे।
इस पर डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की समस्या को 24 घंटे में तो भगवान भी हल नहीं कर सकते। बुंदेलखंड के लोगों में अपनी क्षमता, योग्यता और बुद्धिमत्ता से खुद समस्याओं को हल करने का सामथ्र्य है। सरकार का काम उन्हें आगे बढऩे के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र से होने वाले पलायन को रोकने के लिए केन-बेतवा जैसी बड़ी सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। पानी उपलब्ध होने से हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।



