सेंट्रल जेल की सुरक्षा में ‘सेंध’ मुलाकात कक्ष में प्रेमिका ने बनाया रील, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली रायपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों के घेरे में है। इस बार मामला किसी गैंगवार या कैदी के भागने का नहीं, बल्कि इश्क और रील का है। जेल के भीतर मुलाकात कक्ष से एक युवती का अपने कैदी प्रेमी के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
जानकारी के मुताबिक जेल में बंद कैदी तारकेश्वर संभावित एनडीपीएस मामला का जन्मदिन था। उससे मिलने पहुंची उसकी गर्लफ्रेंड ने न केवल मुलाकात की, बल्कि जेल के प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर मोबाइल ले जाकर वीडियो भी शूट किया। युवती वीडियो में कहती दिख रही है आज मेरे जान का जन्मदिन है, मैं उससे मिलने आई हूं, देखती हूं उसका रिएक्शन कैसा होता है।
वर्जित क्षेत्र में कैसे पहुंचा मोबाइल
हैरानी की बात यह है कि जेल के मुलाकात कक्ष तक जाने के लिए कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद युवती मोबाइल अंदर ले गई और बेखौफ होकर वीडियो बनाती रही। वायरल वीडियो में बैकग्राउंड में तू ना जा मेरे बादशाह जैसे फिल्मी गाने भी एडिट कर लगाए गए हैं।
सुरक्षा पर खड़े हुए 2 बड़े सवाल
जांच में लापरवाही: क्या प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने युवती की ठीक से तलाशी नहीं ली.
जेल के अंदर निगरानी का अभाव: मुलाकात कक्ष में सीसीटीवी और प्रहरी तैनात होने के बावजूद युवती वीडियो कैसे बनाती रही.



