पुलिस बुकमध्यप्रदेश

सीहोर के इतिहास में नया अध्याय, जब शहर की सडक़ों पर उतरीं तीन महिला अफसर, गर्व से भर उठीं युवतियां

सीहोर। जिला मुख्यालय के इतिहास में गुरुवार का दिन एक यादगार मोड़ लेकर आया। पहली बार जिले की कमान एक महिला पुलिस अधीक्षक के हाथों में सौंपी गई है। नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली से न केवल विभाग, बल्कि शहर की आम जनता और विशेषकर युवतियों का दिल जीत लिया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी सोनाक्षी सक्सेना शहर की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए सडक़ों पर उतरीं। इस पैदल मार्च की खास बात यह थी कि उनके साथ जिले की दो अन्य वरिष्ठ महिला अधिकारी एएसपी सुनीता रावत और सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा भी मौजूद थीं।
जब पुलिस के इन तीनों शीर्ष पदों पर तैनात महिला अधिकारियों ने कोतवाली से तहसील चौराहे तक पैदल भ्रमण किया तो यह नजारा देख शहर की युवतियां और महिलाएं गर्व से भर उठीं। राह चलती छात्राओं और युवतियों के लिए यह दृश्य महिला सशक्तिकरण की एक जीवंत मिसाल बन गया।
कोतवाली का किया निरीक्षण
फील्ड में उतरने से पहले एसपी सक्सेना ने थाना कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद रिकॉर्ड, लंबित अपराधों, चालान और मर्ग डायरियों का बारीकी से अवलोकन किया। एसपी ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि गंभीर मामलों के निराकरण में कोई देरी न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!